लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले किए गए दंडित
कैमूर। लॉकडाउन की अवधि तीन मई तक बढ़ने के साथ ही भभुआ नगर में पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। अब लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से पुलिस सख्ती से पेश आ रही है।
कैमूर। लॉकडाउन की अवधि तीन मई तक बढ़ने के साथ ही भभुआ नगर में पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। अब लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से पुलिस सख्ती से पेश आ रही है। नगर में लॉकडाउन का अनुपालन शत प्रतिशत कराने के लिए एसडीएम जन्मेजय शुक्ला व एसडीपीओ अजय प्रसाद ने पुलिस जवानों के साथ मार्च किया। इस दौरान नगर की सड़कों पर बेवजह निकले लोगों को पकड़कर उन्हें दंडित किया गया। बाहर निकले लोगों को पुलिस जवानों ने उठक-बैठक व घुटने के बल कुछ दूर चलाया। वहीं महिला पुलिस जवानों ने बेवजह बाहर निकली युवतियों व महिलाओं को डांट फटकार लगाई और मास्क लगाकर चलने की नसीहत दी। पदाधिकारियों को काफी संख्या में पुलिस जवानों के साथ मार्च करने से बाहर घूम रहे लोग अपने-अपने घरों में चले गए। नगर में ठेला पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को भी फिजिकल डिस्टेंसिग बना कर दुकान लगाने की बात कही गई। इसका अनुपालन नहीं करने पर कार्रवाई होने की चेतावनी एसडीएम ने दी।
एसडीएम ने बताया कि भभुआ नगर सहित अनुमंडल क्षेत्र में लगातार गश्ती की जा रही है। लॉकडाउन बढ़ने के साथ ही पुलिस को सख्ती बरतने का निर्देश दिया गया है। निर्देश के आलोक में पुलिस भी गंभीर है। उन्होंने आमलोगों से भी अपील करते हुए कहा कि यह देशवासियों के लिए ही निर्णय लिया गया है। इसमें सभी लोगों को सहयोग करना चाहिए। इससे स्वयं के साथ दूसरों को भी बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लगातार गांवों में भी पुलिस जवानों को भेज कर लॉकडाउन का अनुपालन कराया जा रहा है। इस दौरान निर्धारित के समय के बाद दुकान खोलने वाले दुकानदार व नियम के विरुद्ध वाहन लेकर बाहर निकलने वालों को पकड़ा भी जा रहा है।