कैमूर में चल रहा था एक्सप्रेस-वे निर्माण का काम, अचानक पटल गई क्रेन; सहचालक की मौत
कैमूर के चैनपुर में एक्सप्रेस-वे निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। देर रात मसोई स्थित पीएनसी कैंप में ...और पढ़ें

जांच करते अधिकारी। (जागरण)
HighLights
एक्सप्रेस-वे निर्माण के दौरान कैमूर में क्रेन पलटी।
हादसे में सह चालक अर्जुन यादव की मौत हुई।
कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठे।
संवाद सहयोगी, भभुआ। जिले के चैनपुर में एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य के दौरान शनिवार की देर रात मसोई स्थित पीएनसी कैंप में बड़ा हादसा हो गया।
हैवी क्रेन पलटने से उसके नीचे दबकर सह चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के जयपुर जिले के टोटवालो की ढाणी वार्ड संख्या 13 निवासी सुल्तान सिंह यादव के 29 वर्षीय पुत्र अर्जुन यादव के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीएनसी एजेंसी द्वारा एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में चैनपुर थाना क्षेत्र के मसोई में कंपनी ने अपना कैंप स्थापित कर रखा है।
शनिवार की देर रात करीब 12 बजे सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था, जिसमें एसीई कंपनी की हैवी क्रेन से काम लिया जा रहा था। मृतक के साथी लीलाराम गुर्जर ने बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे अचानक असंतुलित होकर हैवी क्रेन पलट गई।
इस दौरान सह चालक अर्जुन यादव उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा घायल अर्जुन यादव को आनन-फानन में भभुआ सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही रविवार की सुबह पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
इधर, पीएनसी कंपनी के अधिकारियों ने घटना की जानकारी मृतक के स्वजन को दे दी है। इस हादसे के बाद कैंप में शोक का माहौल व्याप्त है। वहीं कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
