वज्रपात से चार लोगों की मौत
जिले में मंगलवार की शाम भारी बारिश के दौरान ठनके का कहर देखने को मिला। चार लोगों की मौत हो गई जजकि आठ लोग झुलस गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया गया।
जिले में मंगलवार की शाम भारी बारिश के दौरान ठनके का कहर देखने को मिला। चार लोगों की मौत हो गई जजकि आठ लोग झुलस गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया गया। मृतकों में सोनहन थाना क्षेत्र के पंचगांवा गांव निवासी वासगीत राम के पुत्र मुखिया राम, सोनहन थाना क्षेत्र के अमाढ़ी गांव निवासी रंगनाथ पांडेय के पुत्र सच्चिदानंद पांडेय, चैनपुर थाना क्षेत्र के चिताढ़ी गांव निवासी विश्वनाथ राम का पुत्र राजवंश राम व चांद थाना क्षेत्र के बहेरियां गांव निवासी शिवदीहल बिद के पुत्र पारस बिद शामिल हैं। घायलों में भभुआ थाना क्षेत्र के सेमरियां गांव निवासी भगवान दुबे व उनकी पत्नी सावित्री देवी, चांद थाना क्षेत्र के बहेरियां गांव निवासी रामाकांत बिद, लतहारी देवी, सत्येंद्र कुमार, गुड्डू सिंह, छांगुर राम तथा चैनपुर थाना क्षेत्र के मसोई गांव निवासी महेंद्र यादव शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम अचानक तेज आवाज के साथ आसमान से बिजली कड़कने लगी। पहले पांच-छह बार बिजली कड़की। इसके बाद बारिश शुरू हुई। मूसलाधार बारिश शुरू होने के दौरान लगातार कई बार बिजली कड़की। इसी क्रम में सोनहन थाना क्षेत्र के पंचगांवा गांव निवासी मुखिया राम अपनी पत्नी को लेकर भभुआा बाजार पैदल आ रहे थे। सोनहन-भभुआ पथ पर आगे मुखिया राम चल रहे थे। इसी दौरान ठनका गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अमाढ़ी गांव निवासी सच्चिदानंद पांडेय गांव के पश्चिम स्थित खेत में खाद डाल रहे थे। इसी क्रम में ठनका गिरने से उनकी मौके पर मौत हो गई। चिताढ़ी गांव के राजवंश राम गांव के खेत में भैंस चरा रहे थे और बहेरियां गांव के पारस बिद खेत में घूम रहे थे। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर दोनों लोग भागने लगे। पारस बिद के साथ बहेरियां गांव के पांच अन्य लोग पास में पेड़ के पास छिप गए। ठनका गिरने से पारस बिद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शेष पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, राजवंश राम की भी मौत हो गई। शवों का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया।