कैमूर के लेवा गांव में अंधविश्वास का खूनी खेल, भूत-प्रेत के शक में वृद्ध महिला की पीट-पीटकर हत्या
कैमूर के अधौरा थाना क्षेत्र में भूत-प्रेत के आरोप में एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला मुराही देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
-1786566360703_m.webp)
शोकाकुल परिजन। (जागरण)
HighLights
कैमूर में 65 वर्षीय वृद्ध महिला की पीट-पीटकर हत्या।
भूत-प्रेत करने के आरोप में की गई निर्मम हत्या।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, जांच जारी।
संवाद सूत्र, कैमूर। अधौरा थाना क्षेत्र के लेवा गांव में भूत-प्रेत करने के आरोप में एक वृद्ध महिला की पीट-पीट कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार की शाम की बताई जा रही है।
बुधवार की दोपहर मृतका के शव का सदर अस्पताल भभुआ में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। मृतका की पहचान लेवा गांव निवासी नट्टू सिंह की 65 वर्षीय पत्नी मुराही देवी के रूप में हुई है।
मृतका के बड़े पुत्र अवध लाल सिंह ने आरोप लगाया कि गांव के ही पट्टीदार पक्ष की लीलावती मंगलवार की शाम उनकी मां को अपने घर बुलाकर ले गई थी।
आरोप है कि घर के अंदर ले जाने के बाद मुराही देवी पर भूत-प्रेत करने का आरोप लगाया गया। इसके बाद गर्म लोहे से प्रताड़ित करने के साथ लाठी-डंडे से पीटा गया। जिससे उनकी मौत हो गई।
स्वजन के अनुसार, घटना के समय मृतका के दोनों पुत्र घर पर मौजूद नहीं थे। उन्हें अकेला पाकर दूसरे पक्ष के लोग अपने घर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी।
मृतका के पुत्र ने लीलावती, गुंजा, कबूतरी देवी सहित घर के अन्य सदस्यों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। बताया गया कि पट्टीदारों के बीच भूत-प्रेत को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था।
इधर पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। अधौरा थानाध्यक्ष एतवेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दोनों से पूछताछ की जा रही है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। स्वजन की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।
यह भी पढ़ें- मुंगेर: 3 साल के मासूम का अपहरण कर 3 लाख में बेचा, पुलिस ने साढ़े 4 घंटे में आरा से किया बरामद
