सासाराम की पॉजिटिव महिला के संपर्क में आए थे कुदरा व मोहनिया के आठ लोग
कैमूर। सासाराम की कोविड-19 पॉजिटिव महिला के संपर्क में कुदरा व मोहनिया प्रखंडों के आठ लोग भी आए थे। संपर्क में आने वाले लोगों में कुदरा के चार पुसौली के दो तथा मोहनिया के दो लोग शामिल हैं।
कैमूर। सासाराम की कोविड-19 पॉजिटिव महिला के संपर्क में कुदरा व मोहनिया प्रखंडों के आठ लोग भी आए थे। संपर्क में आने वाले लोगों में कुदरा के चार, पुसौली के दो तथा मोहनिया के दो लोग शामिल हैं। सासाराम की महिला के पॉजिटिव पाए जाने के बाद रोहतास जिला प्रशासन द्वारा कराई गई कॉन्टैक्ट ट्रेसिग में इन लोगों के नाम सामने आए हैं।
जानकारी के मुताबिक इन लोगों की स्वास्थ्य जांच व अग्रेतर कार्रवाई के लिए रोहतास जिला पदाधिकारी के द्वारा 27 अप्रैल को कैमूर जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया था। हालांकि इस दिशा में कैमूर जिले में अभी तक क्या कार्रवाई हुई है यह बहुत स्पष्ट नहीं है। इस संबंध में रविवार को सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर होने लगी तो स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों में भी मामले को लेकर सजगता देखी जाने लगी।
बताते चलें कि कुदरा प्रखंड कैमूर जिला का सीमावर्ती प्रखंड है, जिसका बॉर्डर रोहतास जिला से सटा हुआ है। कुदरा प्रखंड में अभी तक कोई भी कोविड-19 पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है। लेकिन जिले के अन्य हिस्सों तथा पड़ोस के रोहतास व बक्सर जिलों में काफी संख्या में कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों के मिलने से प्रखंड के लोगों में काफी चिता देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत अभी बहुत ही कम संख्या में लोगों की कोविड-19 की जांच हुई है। लोगों का कहना है कि रोहतास जिला से सटा हुआ प्रखंड होने के चलते महामारी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत संदिग्ध मामलों की जांच में तेजी जरूरी है।
मामले में सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार तिवारी ने कहा कि आवश्यक कार्रवाई जारी है।