एकता चौक पर मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा आकर्षण का होगा केंद्र
भभुआ नगर के एकता चौक पर दुर्गा पूजा की भव्य तैयारी चल रही है। इसमें राष्ट्रीय वीर दल शिवाजी ग्रुप लगा हुआ है। इस ग्रुप द्वारा की जा रही तैयारी लगभग पूर्ण कर ली गई है।
भभुआ नगर के एकता चौक पर दुर्गा पूजा की भव्य तैयारी चल रही है। इसमें राष्ट्रीय वीर दल शिवाजी ग्रुप लगा हुआ है। इस ग्रुप द्वारा की जा रही तैयारी लगभग पूर्ण कर ली गई है। अधौरा थाना क्षेत्र के सारोदाग बंधा के धीरेंद्र व रोहतास जिला के अकोढ़ी गोला निवासी सुरेश मिस्त्री मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण कर रहे हैं। इसके अलावा अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमा का निर्माण भी किया जा रहा है।
सचिव आकाश कुमार ने बताया कि नेट पर सर्च कर सभी सदस्यों ने प्रतिमा निर्माण की सहमति जताई है। जो प्रतिमा बन रही है इस तरह की प्रतिमा कुछ वर्ष पहले बंगाल में बनी थी। हालांकि जिस तरह की प्रतिमा बन रही है उससे ऐसा लग रहा है कि इस ग्रुप की प्रतिमा अन्य स्थानों से अच्छी और श्रद्धालुओं को पसंद आएगी।
बता दें कि वर्ष 1960 से नगर के हृदयस्थली एकता चौक के बगल में स्थित देवी चबूतरा पर दुर्गा पूजा का आयोजन हो रहा है। काफी लंबे समय से पूजा आयोजन के चलते इस ग्रुप की सहभागिता दुर्गा पूजा में काफी अधिक रहती है। इस वर्ष भी दुर्गा पूजा के दौरान नगर के एकता चौक से लेकर मुंडेश्वरी सिनेमा हाल तक श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसको लेकर विशेष सजावट व प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा पूजा पंडाल के निर्माण भी में पूर्व की अपेक्षा जगह बढ़ाई गई है। सचिव ने बताया कि पंडाल व प्रतिमा निर्माण पर लगभग तीन लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ग्रुप के अध्यक्ष चंद्रशेखर के अलावा दीपक आर्य, प्रकाश चौरसिया, रतन, अमन चौधरी, अमित आर्य आदि सदस्य पूजा आयोजन को सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।