मां दुर्गा की आराधना से जिले में बह रही भक्ति की गंगा
शारदीय नवरात्र को लेकर जिले के सभी घरों व मंदिरों में मां दुर्गा की आराधना की जा रही है। जिसके चलते जिले में भक्ति की गंगा बह रही है। सुबह से लेकर देर रात तक मां दुर्गा की भक्ति में श्रद्धालु लगे रह रहे हैं। अहले सुबह से ही घरों व मंदिरों के अलावा पूजा पंडालों में दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरू हो जा रहा है।
शारदीय नवरात्र को लेकर जिले के सभी घरों व मंदिरों में मां दुर्गा की आराधना की जा रही है। जिसके चलते जिले में भक्ति की गंगा बह रही है। सुबह से लेकर देर रात तक मां दुर्गा की भक्ति में श्रद्धालु लगे रह रहे हैं। अहले सुबह से ही घरों व मंदिरों के अलावा पूजा पंडालों में दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरू हो जा रहा है। भभुआ नगर सहित सभी प्रखंडों में स्थित देवी मंदिरों में सूर्योदय होते ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जा रहा है। घरी व घंटा की आवाज से पूरा माहौल भक्तिमय बन जा रहा है।
जिले के भगवानपुर प्रखंड में स्थित मां मुंडेश्वरी धाम शारदीय नवरात्र में श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार हो गया है। धाम से मंदिर तक जाने वाले रास्ते मां शेरावाली की जय, मां मुंडेश्वरी की जय आदि जयकारे से गूंज रहे हैं। मां मुंडेश्वरी धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा बलों के साथ-साथ स्काउट गाइड के स्वयं सेवी लगे हुए हैं। मां मुंडेश्वरी धाम में कई श्रद्धालु दुर्गा सप्तशती का पाठ भी कर रहे हैं। धार्मिक न्यास समिति द्वारा इस बार कुछ विशेष ही व्यवस्था की गई है। विशेष पंडाल का निर्माण कराया गया है। ताकि लोग उसमें आ कर कुछ देर आराम कर सके। श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पेयजल, शौचालय रहने आदि की व्यवस्था भी की गई है। श्रद्धालु की भीड़ से प्रसाद की दुकानों पर भी खूब भीड़ हो रही है।
भभुआ नगर में बने पूजा पंडालों में पूजा अर्चना होने से नगर में भक्तिमय माहौल बन गया है। सुबह से लेकर देर रात तक देवी गीतों के बजने से बाजार का माहौल भी बदला दिख रहा है। हर घर में हो रही पूजा अर्चना से बाजार में काफी भीड़ भी चल रही है। इसके अलावा मोहनियां के मां सत्ती स्थान, दुर्गावती में मां कुलेश्वरी धाम, चैनपुर में मां चंडेश्वरी धाम, चांद प्रखंड में बखारी देवी आदि देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की खूब भीड़ हो रही है।