आज कैमूर पहुंचेंगे डिप्टी सीएम
बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी बुधवार को कैमूर व रोहतास के परिभ्रमण पर आ रहे हैं।
बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी बुधवार को कैमूर व रोहतास के परिभ्रमण पर आ रहे हैं। सर्व प्रथम कैमूर जिले में उनका आगमन होगा। पटना से वो नौ बजे हवाई मार्ग से राजकीय हेलीकॉप्टर से प्रस्थान करेंगे। कैमूर में वो लगभग 9:55 पर पहुंचेंगे। जहां उनकी अगवानी जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी करेंगे। उसके बाद पुलिस के जवानों द्वारा गॉड आफ आनर भी दिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री का भभुआ नगर में स्थित पुलिस लाइन में आगमन होगा उसके बाद डिप्टी सीएम मुंडेश्वरी के लिए सड़क मार्ग से प्रस्थान करेंगे। उसके बाद 10:20 पर मुंडेश्वरी पहुंचेंगे जहां मां मुंडेश्वरी का दर्शन पूजन करेंगे। उसके बाद इको पार्क के लिए योजना की समीक्षा बैठक वन विभाग के साथ होगी। करीब 11:15 पर मुंडेश्वरी से सर्किट हाउस के लिए प्रस्थान करेंगे। भभुआ सर्किट हाउस में वो आकर जलपान करेंगे। करीब सवा एक बजे वो हेलीकॉप्टर से करकट गढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां पर भी करकटगढ़ इको पार्क योजना की समीक्षा बैठक करेंगे। उसके बाद करीब सवा दो बजे करकटगढ़ से रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के बादलगढ के लिए रवाना होंगे। करीब ढ़ाई बजे के बाद वो रोहतास के बादलगढ़ से दुर्गावती जलाशय के लिए प्रस्थान करेंगे। दुर्गावती जलाशय का अवलोकन करने के बाद वो दोनों जिले के वन विभाग व अन्य अधिकारियों के साथ में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए समीक्षा बैठक करेंगे। तत्पश्चात वो पुन: बादलगढ़ सीआरपीएफ कैंप में आकर हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना करेंगे। इसको लेकर मंगलवार को डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी, डीएफओ विकास अहलावत, एसपी दिलनवाज अहमद के अलावा कई पदाधिकारियों ने उक्त तीनों स्थलों का जायजा लिया।