कैमूर में वज्रपात से 26 गायों की हुई मौत
मदुरना जंगल में वज्रपात से एक साथ 26 गायों की मौत हो गई। यह जंगल कैमूर जिला के चैनपुर प्रखंड में पड़ता है।
मदुरना जंगल में वज्रपात से एक साथ 26 गायों की मौत हो गई। यह जंगल कैमूर जिला के चैनपुर प्रखंड में पड़ता है। बुधवार रात तेज बारिश होने लगी। उसी दौरान वज्रपात भी हुआ। चैनपुर के अंचलाधिकारी पुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभी किसी पशुपालक द्वारा लिखित जानकारी नहीं मिली है। हालांकि राजस्व कर्मचारी को जंगल में जा कर वस्तुस्थिति के आकलन का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद पशुपालकों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। सुरेंद्र यादव की 14, लालव्रत यादव के दस और दुद्धु यादव की दो गायों की जान गई है। मुखिया प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि तीनों पशुपालक मदुरनी गांव के निवासी हैं। पिछले दो माह से वे मझगांमा गांव की बगल की पहाड़ी पर पशुओं के साथ अस्थायी डेरा डाले हुए थे। पहाड़ पर ही मड़ई (झोपड़ीनुमा ढांचा) बनाकर वे जंगल में गायों को चराते थे। बुधवार रात अचानक उन पर आफत टूट पड़ी। उनके भरण-पोषण का आधार वे गायें ही थीं। संयोग है कि थोड़ी ही दूर पर मौजूद तीनों पशुपालक सुरक्षित बच गए।