अधिवक्ता की आश्रित पत्नी को मिला सहायता राशि का चेक
जिला व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता संघ भवन के सभागार में बुधवार को अधिवक्ता स्व. सुरेंद्र पांडेय
जिला व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता संघ भवन के सभागार में बुधवार को अधिवक्ता स्व. सुरेंद्र पांडेय की आश्रित पत्नी मुन्नी देवी को एक लाख रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया। महासचिव ओम प्रकाश, संयुक्त सचिव मंटू पांडेय, कोषाध्यक्ष अजित कुमार ने संयुक्त रूप से चेक दिया। संयुक्त सचिव मंटू पांडेय ने बताया कि सुरेंद्र पांडेय का निधन 18 मई को हो गया था। 17 मई को इलाज के लिए अधिवक्ता संघ द्वारा दस हजार रुपये की सहायता की गई थी। उन्होंने बताया कि स्व. सुरेंद्र पांडेय कुदरा प्रखंड के रमडीहरा गांव निवासी थे और संघ के दो बार उपाध्यक्ष भी थे। उन्होंने संघ की मजबूती और धार देने में काफी सहयोग किया था। इसके चलते उनके निधन से अधिवक्ता संघ को काफी क्षति हुई है। इंसेट-
अधिवक्ता के निधन से शोक की लहर
जासं, भभुआ: जिला व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ता रहे महेंद्र उपाध्याय का बुधवार की भोर में निधन हो गया। वे भभुआ प्रखंड के बरहुली गांव के रहने वाले थे। उनके निधन की खबर मिलते ही अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। संयुक्त सचिव मंटू पांडेय ने बताया कि महेंद्र उपाध्याय अधिवक्ता संघ में सदस्य के रूप में 15 मई 1981 में जुड़े थे। वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्हें इलाज के लिए संघ द्वारा सहयोग किया गया था। उन्होंने बताया कि महेंद्र उपाध्याय के निधन पर गुरुवार को संघ भवन के सभागार में नौ बजे शोक सभा होगी। इसके बाद अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।