स्मार्ट मीटर बंद फिर भी चल रहा पंखा-लाइट? कैमूर में 5200 उपभोक्ताओं की जांच शुरू; दर्ज होगा FIR
Smart Meter: भभुआ में विद्युत विभाग उन 5200 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं पर सख्त कार्रवाई की तैयारी में है जो रिचार्ज ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
भभुआ में 5200 स्मार्ट मीटर उपभोक्ता चिह्नित।
रिचार्ज खत्म होने पर भी कर रहे थे बिजली उपयोग।
अवैध उपयोग पर प्राथमिकी और कानूनी कार्रवाई होगी।
जागरण संवाददाता, भभुआ। स्मार्ट मीटर में रिचार्ज खत्म होने के बाद बिजली कनेक्शन कटने के बावजूद बिजली का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं पर अब विद्युत विभाग सख्ती करने की तैयारी में है।
भभुआ विद्युत आपूर्ति प्रमंडल क्षेत्र में ऐसे करीब 5200 स्मार्ट मीटर उपभोक्ता चिह्नित किए गए हैं, जिनका बिजली कनेक्शन कट चुका है, लेकिन वे दोबारा रिचार्ज कराए बिना बिजली का उपयोग कर रहे हैं।
विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं की जांच कराने का निर्देश दिया है। विद्युत विभाग के अनुसार स्मार्ट मीटर में रिचार्ज समाप्त होने के बाद नियमानुसार बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है।
इसके बावजूद यदि कोई उपभोक्ता किसी तरह बिजली का उपयोग करता पाया जाता है तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा। जांच के दौरान बिजली चोरी या अवैध तरीके से बिजली का उपयोग पकड़े जाने पर संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सभी सब डिवीजन के अधिकारियों को निर्देश
भभुआ विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ई शशिकांत कुमार ने बताया कि सभी संबंधित कनीय विद्युत अभियंताओं और सहायक विद्युत अभियंताओं को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन की जांच करें।
खास तौर पर उन उपभोक्ताओं पर नजर रखने को कहा गया है, जिनका कनेक्शन कट चुका है और स्मार्ट मीटर में रिचार्ज भी नहीं है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यदि कोई उपभोक्ता बिजली कनेक्शन कटे होने के बावजूद चोरी या किसी गलत तरीके से विद्युत का उपयोग करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
चोरी रोकने को चलेगा जांच अभियान
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि क्षेत्र में बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित जांच की जाए। जांच के दौरान यदि कोई उपभोक्ता कटे कनेक्शन के बावजूद बिजली का इस्तेमाल करता मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की इस सख्ती का उद्देश्य बिजली चोरी पर रोक लगाने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को भी नियमों के अनुसार बिजली का उपयोग करने के लिए जागरूक करना है।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि स्मार्ट मीटर का बैलेंस समाप्त होने से पहले समय पर रिचार्ज कराएं। कनेक्शन कटने की स्थिति में बिना अधिकृत तरीके से बिजली का उपयोग करने के बजाय विभाग से संपर्क कर नियमानुसार आपूर्ति बहाल कराएं।
