अपहरण कांड का हुआ उद्भेदन
आखिरकार थाना क्षेत्र के अमरपुरा गांव के तथाकथित विवेक सिन्हा अपहरण कांड का मंग
कैमूर। आखिरकार थाना क्षेत्र के अमरपुरा गांव के तथाकथित विवेक सिन्हा अपहरण कांड का मंगलवार को उद्भेदन हो गया। पुलिस की आशंका सच निकली। 10 दिन पूर्व तथाकथित अपहृत मंगलवार को रोहतास जिला के बिक्रमगंज थाना पहुंचा। वहां की पुलिस की सूचना पर मोहनियां पुलिस विवेक सिन्हा को थाना लाकर पूछताछ कर रही है। मोहनियां के डीएसपी मनोज राम ने बताया की 15 अक्टूबर को अमरपुरा निवासी संतोष कुमार सिन्हा ने मोहनियां थाना में अपने पुत्र विवेक सिन्हा के कथित अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें उन्हीं लोगो को नामजद किया गया जिनसे सूचक के परिवार का काफी दिनों से विवाद चल रहा है। इस घटना को पुलिस ने मनगढ़ंत मानते हुए जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस पर अनावश्यक दबाव बनाने के लिए 18 अक्टूबर को संतोष सिन्हा के परिजन करीब डेढ़ सौ समर्थकों के साथ चांदनी चौक पहुंचे। वहां एक घंटे तक सड़क जाम किया।जिससे आवागमन बाधित हुआ। पुलिस ने जाम की वीडियोग्राफी कराई। जिसके आधार पर जामकारियों को चिन्हित किया जा रहा है। 40 लोंगो की अभी तक पहचान हुई है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया की कानून से बड़ा कोई नहीं है। पुलिस की जांच में अपने को फंसते देख विवेक सिन्हा मंगलवार को बिक्रमगंज थाना पहुंचकर मनगढ़ंत कहानी सुनाया। सूचना मिलते ही तथाकथित अपहृत को मोहनियां थाना लाया गया। पूछताछ में पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ जाएगा।