अधौरा के जंगल में सर्पदंश से एक की हुई मौत, दो की हालत गंभीर
जिले के चैनपुर व भभुआ थाना क्षेत्र के तीन लोगों को अधौरा में मवेशी खोजने के दौरान सांप ने डंस लिया। इसमें एक की मौत हो गई। वहीं दो लोगों की हालत गंभीर है। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
जिले के चैनपुर व भभुआ थाना क्षेत्र के तीन लोगों को अधौरा में मवेशी खोजने के दौरान सांप ने डंस लिया। इसमें एक की मौत हो गई। वहीं, दो लोगों की हालत गंभीर है। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना के नरसिंहपुर गांव निवासी स्व. हरिचरण यादव के पुत्र रविद्र यादव, भभुआ थाना के देवरजी गांव निवासी रामसुरत यादव के पुत्र सर्वजीत यादव व खोराडीह गांव निवासी भानू यादव के पुत्र सोनू यादव कुछ दिनों पूर्व अपने मवेशी को अधौरा में चरने के लिए किसी को दे आए थे। सोमवार को तीनों 12 बजे दिन में भभुआ से अधौरा की ओर मवेशियों को खोजने के उद्देश्य से निकले। अधौरा जंगल के बगियाबांध में तीनों लगभग छह बजे शाम को पहुंचे। तो कुछ मवेशी मिले और कुछ नहीं मिले। तीनों ने निर्णय लिया कि अब अगले दिन शेष मवेशियों की खोज की जाएगी। रात होने के कारण तीनों एक पास के ही झोपड़ी में आराम करने चले गए। फर्श पर सोने के दौरान करीब रात के दो बजे एक सांप ने तीनों को डंस लिया। इसका पता तब चला जब सोनू को सांप ने तेजी से डंसा। सांप के डंसते समय ही सोनू चिल्लाने लगा। तेजी से उठने के दौरान सांप ने दोनों को भी डंस लिया। मौके पर एक घंटे में ही सोनू यादव की सांस रूकने लगी। उसके बाद दोनों जल्दी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिजन सोनू के शव को अपने घर ले गए। वहीं, दोनों गंभीर रूप से जख्मीर सर्वजीत व रविद्र को सदर अस्पताल रेफर किया गया। जहां सदर अस्पताल में दोनों को भर्ती कर के इलाज शुरू हुआ। ज्ञात हो कि सोनू यादव को एक पुत्र व एक पुत्री है। सोनू की पत्नी रिकू देवी से तीन वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी।