विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नींद की दवा पिलाकर ट्रक उड़ाने वाला शातिर गिरफ्तार, जमुई से पकड़ाया वैशाली का लुटेरा फिरोज

Published: Tue, 15 Sep 2026 03:55 PM (IST)

चकाई पुलिस ने ट्रक चालकों को नींद की गोलियां खिलाकर लूटने वाले गिरोह के मुख्य सरगना मु. फिरोज को जमुई रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है।

जमुई से पकड़ाया वैशाली का लुटेरा फिरोज

जमुई से पकड़ाया वैशाली का लुटेरा फिरोज

HighLights

  1. ट्रक लूट गिरोह का मुख्य सरगना फिरोज जमुई से गिरफ्तार।

  2. चालकों को नींद की गोलियां खिलाकर ट्रक लूटता था गिरोह।

  3. अंतरराज्यीय गिरोह बिहार-झारखंड में सक्रिय, कई सदस्य पहले गिरफ्तार।

संवाद सूत्र, चंद्रमंडी(जमुई)। ट्रक चालकों को नींद की गोलियां खिलाकर ट्रक और उस पर लदा माल लूटने वाले गिरोह के मुख्य सरगना मु. फिरोज को चकाई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे जमुई रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। 

चकाई इंस्पेक्टर सर्वजीत कुमार ने जाल बिछाकर उसे पकड़ा। फिरोज वैशाली जिले के मननीपुर का रहने वाला है। उसका भाई मु. तैयब पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों के विरुद्ध नवादा के अकबरपुर और पटना में ट्रक लूट के केस दर्ज हैं।

गिरोह बिहार-झारखंड क्षेत्र में सक्रिय

पुलिस के अनुसार, फिरोज का अंतरप्रांतीय गिरोह बिहार-झारखंड क्षेत्र में सक्रिय है। गिरोह ट्रक चालकों को नींद की गोलियां खिलाकर लूट की घटना को अंजाम देता था। फिरोज के पास से वाई-फाई डोंगल, नींद की गोलियां और एक मोबाइल बरामद किया गया है। 

पुलिस के अनुसार, वाई-फाई के माध्यम से वह सामान्य कॉल की जगह वाट्सएप कॉल करता था ताकि पुलिस की नजर से बच सके। तकनीकी अनुसंधान की मदद से पुलिस आखिरकार उसे पकड़ने में सफल रही। 

आठ सदस्य पूर्व में गिरफ्तार 

पुलिस को पूछताछ में फिरोज ने बताया कि ट्रक चालक को कब्जे में लेने के बाद वह नींद की आठ गोलियां पानी में घोलकर पिला देता था। इसके बाद चालक करीब पांच मिनट में बेहोश हो जाता था। फिर वह ट्रक और उस पर लदे माल को लेकर फरार हो जाता था। 

पुलिस के अनुसार, गिरोह के कुल आठ सदस्य पूर्व में गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि दो अभी फरार हैं। बताया जाता है कि आरोपित गिरिडीह इलाके में रहता था और वहीं से बिहार की ओर आने वाले ट्रकों तथा उनमें लदे माल को निशाना बनाता था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। गिरफ्तार फिरोज जेल में बंद अपने गिरोह के आठ साथियों से मिलने जमुई आया था।

14 अगस्त की रात हुई थी ट्रक लूट

गौरतलब है कि 14 अगस्त की रात फिरोज ने अपने गिरोह के 10 सदस्यों के साथ मिलकर सरौन के समीप से 12 टन चावल लदे ट्रक को लूट लिया था। पुलिस के अनुसार, चालक को नशीली दवा खिलाकर पटना के मराची अस्पताल के समीप फेंक दिया गया था। 

इसके बाद चावल लदे ट्रक को मुजफ्फरपुर के पारू इलाके में विभिन्न गोदामों में बेच दिया गया था। एक सप्ताह पूर्व पुलिस ने ट्रक और चावल बरामद करते हुए गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया था।

यह भी पढ़ें- जमुई में शिक्षकों की अदला-बदली, ड्यूटी से गायब मिले तो होगी सीधी कार्रवाई; नया आदेश जारी