जमुई में शिक्षकों की अदला-बदली, ड्यूटी से गायब मिले तो होगी सीधी कार्रवाई; नया आदेश जारी
जमुई शिक्षा विभाग ने कक्षा 1 से 8 तक की अर्धवार्षिक परीक्षा को कदाचार मुक्त बनाने के लिए सख्त आदेश ...और पढ़ें

जमुई में अर्धवार्षिक मूल्यांकन: दूसरे स्कूलों में वीक्षण करेंगे शिक्षक, गड़बड़ी पर होगी सख्त कार्रवाई (AI Generated Image)
HighLights
जमुई में अर्धवार्षिक मूल्यांकन को कदाचार मुक्त बनाने का आदेश।
एक स्कूल के शिक्षक दूसरे स्कूल में करेंगे वीक्षण कार्य।
अनियमितता पाए जाने पर संबंधित वीक्षक पर होगी कार्रवाई।
संवाद सहयोगी, जमुई। बिहार शिक्षा परियोजना, जमुई कार्यालय ने जिले के सभी सरकारी एवं सहायता प्राप्त प्रारंभिक विद्यालयों में वर्ग 1 से 8 के छात्र-छात्राओं के अर्धवार्षिक मूल्यांकन को कदाचार मुक्त एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने को लेकर सख्त आदेश जारी किया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, धनंजय पासवान द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार निदेशक, राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद, बिहार पटना के आलोक में यह निर्देश निर्गत किया गया है।
आदेश में मुख्य बात है केि, परीक्षा में वीक्षण कार्य हेतु प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा एक विद्यालय के शिक्षक को दूसरे विद्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी संबंधित शिक्षक/शिक्षिका को आदेश दिया गया है कि वे प्रतिनियुक्त विद्यालय में ही वीक्षण कार्य करेंगे।
विद्यालय भ्रमण के दौरान यदि कोई शिक्षक अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर अनुपस्थित पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त वीक्षकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे परीक्षा की पवित्रता बनाए रखेंगे एवं परीक्षा के क्रम में परीक्षार्थियों को किसी भी तरह का अनुचित सहयोग नहीं करेंगे।
परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों को पाठ्य पुस्तक, नोट बुक इत्यादि साथ ले जाने की अनुमति प्रदान नहीं करेंगे। किसी भी तरह की अनियमितता बरते जाने पर संबंधित वीक्षक के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, सभी प्रधानाध्यापक परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्ष में पूरी शांति व्यवस्था बनी रहे, इसका दृढ़ता से पालन करेंगे। आदेश है कि सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रखंडाधीन विद्यालयों में संचालित परीक्षा का नियमित रूप से अनुश्रवण करेंगे एवं परीक्षा से संबंधित खैरियत प्रतिवेदन प्रतिदिन जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
गिद्धौर में 170 शिक्षकों के जिम्मे अर्धवार्षिक मूल्यांकन, हुई प्रतिनियुक्ति
गिद्धौर प्रखंड में चल रहे अर्धवार्षिक मूल्यांकन परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारी की गई है। गिद्धौर बीडीओ सह बीईओ सुनील कुमार ने वीक्षण कार्य के लिए कुल 170 शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करते हुए सूची जारी कर दी है।
जारी सूची के अनुसार, प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रतिनियुक्त शिक्षक वीक्षक की भूमिका में रहेंगे।
