जमुई में पटना-हावड़ा रेललाइन पर पेड़ गिरने से थमा ट्रेनों का पहिया, 2 घंटे तक रुकी रही आवाजाही
पटना-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर दादपुर-चौरा के बीच पेड़ गिरने से अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन बाधित हो गया।
-1790417983453_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पटना-हावड़ा रेलखंड पर दादपुर-चौरा के बीच पेड़ गिरा।
अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन ठप हुआ।
पूर्वा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें घंटों तक रुकी रहीं।
जागरण संवाददाता, बोड़वा (जमुई)। पटना-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर शनिवार को दादपुर-चौरा के बीच पेड़ गिरने से ट्रेनों की रफ्तार थम गई। पूर्वाहन 11:17 बजे हुई घटना के बाद अप और डाउन दोनों पटरियों पर आवागमन प्रभावित हो गया।
ओवरहेड बिजली तार क्षतिग्रस्त होने की आशंका के चलते रेलवे ने तत्काल परिचालन रोक दिया। इसका असर लंबी दूरी के साथ-साथ स्थानीय ट्रेनों पर भी पड़ा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पोल संख्या 380/24-26 के समीप अप लाइन की ओर एक पेड़ काटा जा रहा था। कटाई के दौरान पेड़ अनियंत्रित होकर डाउन लाइन के ओवरहेड तार पर जा गिरा।
सूचना मिलते ही स्थानीय कर्मियों ने झाझा नियंत्रण कक्ष को जानकारी दी। वहां से दानापुर मंडल के नियंत्रण कक्ष को अवगत कराया गया।परिस्थिति को सामान्य करने के लिए झाझा से इंजन तथा तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया।
यातायात निरीक्षक रवि गुप्ता ने घटनास्थल पर पहुंचकर पेड़ हटाने का काम शुरू कराया। रेलकर्मी बिजली तार और ट्रैक को सुरक्षित करने में जुटे रहे।स्टेशन प्रबंधक रविकांत माथुरी ने बताया कि झाझा स्टेशन पर हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस करीब 40 मिनट रुकी रही।
जसीडीह-किऊल ट्रेन लगभग दो घंटे तक खड़ी रही।दुरंतो एक्सप्रेस चौरा से पहले,गया-झाझा मेमू जमुई तथा पुणे-जसीडीह एक्सप्रेस किऊल में रोक दी गई।
अचानक ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। कई यात्री निर्धारित समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच सके,जबकि स्टेशनों पर प्रतीक्षारत यात्रियों को भी स्थिति सामान्य होने का इंतजार करना पड़ा। रेलवे की टीम ने युद्धस्तर पर काम कर मार्ग बहाल करने की कवायद जारी रखी।
