गोपालगंज के फुलवरिया में रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया शुरू, 2000 से अधिक लोगों को मिलेगी राहत
फुलवरिया में हथुआ-भटनी रेलखंड पर रेलवे ढाला संख्या 22 पर ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है।

ओवरब्रिज का काम हुआ शुरू। (जागरण)
HighLights
हथुआ-भटनी रेलखंड पर ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया तेज।
बथुआ बाजार-सेमरा मुख्य पथ पर मिट्टी जांच पूरी।
जाम से निजात मिलेगी, 2000 से अधिक लोगों को राहत।
संवाद सूत्र, फुलवरिया (गोपालगंज)। हथुआ-भटनी रेलखंड पर फुलवरिया प्रखंड के बथुआ बाजार-सेमरा मुख्य पथ स्थित रेलवे ढाला संख्या 22 पर ओवरब्रिज निर्माण की कवायद तेज हो गई है।
जनता बाजार मस्जिद के समीप स्थित इस रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण को लेकर रेलवे और पथ निर्माण विभाग की ओर से प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
शुक्रवार को प्रस्तावित स्थल पर मिट्टी जांच का कार्य पूरा किया गया। लखनऊ से पहुंची विशेषज्ञों की टीम ने स्थल के अलग-अलग स्थानों पर बोरिंग कर मिट्टी के नमूने लिए।
नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार मिट्टी जांच रिपोर्ट मिलने के बाद निर्माण से जुड़ी तकनीकी प्रक्रिया और अंतिम स्वीकृति की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फाटक बंद होते ही लग जाती है वाहनों की कतार
रेलवे ढाला संख्या 22 पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद होने से बथुआ बाजार-सेमरा मुख्य पथ पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार जाम की स्थिति घंटों तक बनी रहती है।
इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। जाम में एंबुलेंस फंसने से मरीजों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आवागमन का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में ओवरब्रिज बनने से रेलवे फाटक पर निर्भरता खत्म होगी और आवागमन सुगम हो सकेगा।
दो हजार से अधिक लोगों को मिलेगी राहत
प्रस्तावित ओवरब्रिज का निर्माण होने से बथुआ बाजार, जनता बाजार सहित आसपास के दर्जनों गांवों के दो हजार से अधिक लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। मिट्टी जांच की रिपोर्ट आने के बाद निर्माण की अगली प्रक्रिया शुरू होने की प्रतीक्षा है।
