जमुई: शोपीस बनी नल-जल योजना, नदी और डाढ़ी का गंदा पानी पीने को मजबूर सुरंगी के ग्रामीण
जमुई के सुरंगी गांव में नल-जल योजना विफल होने से ग्रामीण नदी और डाढ़ी का गंदा पानी पीने को मजबूर ...और पढ़ें

शोपीस बनी नल-जल योजना (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
सुरंगी गांव में नल-जल योजना पूरी तरह विफल।
ग्रामीण नदी और डाढ़ी का गंदा पानी पीने को मजबूर।
एकमात्र चापाकल भी साल भर से खराब पड़ा है।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी(जमुई)। एक ओर सरकार हर घर नल का जल पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर चकाई प्रखंड की ठाड़ी पंचायत के सुरंगी गांव स्थित वार्ड सं. 03 के लोग आज भी नदी और डाढ़ी का पानी पीने को विवश हैं।
गांव के करीब 30 घरों में 250 से अधिक की आबादी रहती है, लेकिन पेयजल के लिए लोगों को रोजाना भटकना पड़ रहा है। गांव में पानी के लिए लगा एकमात्र चापाकल साल भर से खराब पड़ा है।
ग्रामीणों को एक बूंद पानी नसीब नहीं
वहीं, नल-जल योजना के तहत टंकी और पाइप बिछा दिए गए, लेकिन आज तक ग्रामीणों को एक बूंद पानी नसीब नहीं हुआ। योजना पूरी तरह शोपीस बनकर रह गई है।
ग्रामीण चरकू पुजहर, बचन पुजहर, धनेश्वर पुजहर, मंगरू पुजहर, सोखा पुजहर, विनोद पुजहर, मुनिया देवी, कर्मी देवी और सुमिता देवी ने बताया कि उन्हें हरयारो नदी से पानी लाकर पीना पड़ता है। गंदा पानी पीने से बीमारी का खतरा बना रहता है, लेकिन उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है। पांचु पुजहर ने कहा कि पानी की समस्या से पूरा गांव त्रस्त है।
छह महीने से मोटर खराब
वहीं, पंप चालक धनेश्वर पुजहर ने बताया कि पिछले छह महीने से मोटर खराब है और पाइप भी फट गया है। इस कारण टंकी में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि पंप चालक को एक साल से मजदूरी भी नहीं मिली है। मजदूरी का भुगतान नहीं होने से भी काम प्रभावित है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मोटर और पाइप की अविलंब मरम्मत कर जलापूर्ति शुरू कराने के साथ पंप चालक के बकाया मेहनताने का भुगतान करने की मांग की है।
लगभग छह महीने से मोटर खराब है। पानी का पाइप भी जगह-जगह फट गया है, जिससे जलापूर्ति बंद है। संवेदक का भी कोई अता-पता नहीं है। - मणि पुजहर, ग्रामीण
संवेदक की लापरवाही के कारण हम लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। फोन करने पर भी संवेदक कोई रिस्पांस नहीं देता है और न ही हम लोगों की परेशानी देखने आता है। - पप्पू पुजहर, ग्रामीण
हम लोग नदी और डाढ़ी का पानी पीने को मजबूर हैं, लेकिन शासन-प्रशासन को कोई मतलब नहीं है। अब आंदोलन ही एकमात्र सहारा है। - सुखदेव पुजहर, ग्रामीण
मुझे मामले की जानकारी नहीं थी। जानकारी मिली है तो अविलंब योजना का निरीक्षण कर उसे चालू करने की दिशा में काम करेंगे ताकि ग्रामीणों की समस्या दूर की जा सके। - कुमार जय, जेई, पीएचईडी, चकाई
गांव की जानकारी एक नजर में
प्रखंड : चकाई
पंचायत : ठाड़ी
गांव : सुरंगी
घर : 32
आबादी : 370
वार्ड नं.: 03
सरकारी चापाकल : 01
सरकारी कुआं : 00
पंप चालक : धनेश्वर पुजहर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।