विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई के झाझा-सिमुलतला रेलखंड पर लहूलुहान मिला अज्ञात युवक, RPF ने पहुंचाया अस्पताल, बंद गेट ने बढ़ाई परेशानी

Published: Tue, 27 Oct 2026 11:09 AM (IST)

झाझा-सिमुलतला रेलखंड पर एक अज्ञात युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे आरपीएफ ने अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल ...और पढ़ें

सिमुलतला में घायल युवक को अस्पताल ले जाते आरपीएफ।

सिमुलतला में घायल युवक को अस्पताल ले जाते आरपीएफ।

HighLights

  1. झाझा-सिमुलतला रेलखंड पर अज्ञात युवक गंभीर घायल मिला।

  2. आरपीएफ ने घायल युवक को ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया।

  3. अस्पताल का गेट बंद होने से इलाज में देरी हुई।

संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। पूर्व रेलवे के आसनसोल रेल मंडल अंतर्गत झाझा-सिमुलतला रेलखंड पर मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे की खबर सामने आई, जहाँ पोल संख्या 348/28-30 के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक गंभीर रूप से लहूलुहान अवस्था में पाया गया।

इस घटना ने एक तरफ जहां आरपीएफ की मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता को उजागर किया, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था की घोर लापरवाही को भी बेनकाब कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 63572 डाउन मोकामा–जसीडीह मेमू ट्रेन में सवार एक यात्री ने सिमुलतला स्टेशन पर एक रेलकर्मी को ट्रैक के पास युवक के पड़े होने की जानकारी दी।

Simultala Railway Accident RPF Rescues Injured Youth in Jamui

सूचना मिलते ही ऑन-ड्यूटी स्टेशन मास्टर ने फौरन सिमुलतला आरपीएफ को अवगत कराया। आशंका जताई जा रही है कि घायल युवक चलती ट्रेन से असंतुलित होकर नीचे गिर गया होगा, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

आरपीएफ ने दिखाई मुस्तैदी, टोटो से पहुंचाया अस्पताल

सूचना मिलते ही सिमुलतला आरपीएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। जवानों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए लहूलुहान युवक को पटरी के पास से उठाया और एक ई-रिक्शा (टोटो) के माध्यम से उसे अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, सिमुलतला पहुँचाया।

अस्पताल के गेट पर ताला, एक घंटे तक तड़पता रहा युवक

लेकिन जैसे ही घायल युवक को लेकर टीम अस्पताल पहुँची, वहाँ की लचर व्यवस्था सामने आ गई। अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला जड़ा हुआ था। खून से लथपथ और जिंदगी की जंग लड़ रहा वह अज्ञात युवक करीब एक घंटे तक अस्पताल के बाहर ही बेबस पड़ा रहा। इसके बाद आनन-फानन में फोन कर सफाईकर्मी उपेंद्र दास को बुलाया गया, जिसके आने के बाद मुख्य द्वार का ताला खुल सका।

Simultala Railway Accident RPF Rescues Injured Youth in Jamui (1)

ताला खुलने के बाद मौजूद एएनएम सुनीता मैडम ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया, घावों की मरहम-पट्टी की और जरूरी दवाइयां व इंजेक्शन दिए।

अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। झाझा से एंबुलेंस मंगवाकर उसे बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झाझा भेजने की तैयारी की जा रही है, जबकि आरपीएफ घायल की शिनाख्त कराने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- जमुई में यात्री शेड में घुसा बेकाबू हाइवा, बालू लोड करने जा रहा वाहन टकराया, केबिन में फंसे ड्राइवर-उपचालक गंभीर