विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में यात्री शेड में घुसा बेकाबू हाइवा, बालू लोड करने जा रहा वाहन टकराया, केबिन में फंसे ड्राइवर-उपचालक गंभीर

Published: Tue, 27 Oct 2026 10:07 AM (IST)

जमुई के बरहट थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर यात्री शेड से जा टकराया, जिससे शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जमुई के बरहट में जावातरी चौक के पास यात्री शेड से टकराया दुर्घटनाग्रस्त हाइवा

जमुई के बरहट में जावातरी चौक के पास यात्री शेड से टकराया दुर्घटनाग्रस्त हाइवा 

HighLights

  1. बरहट में तेज रफ्तार हाइवा यात्री शेड से टकराया।

  2. चालक-उपचालक केबिन में फंसे, एक घंटे चला रेस्क्यू।

  3. हादसे में यात्री शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त, यातायात प्रभावित।

संवाद सूत्र, बरहट (जमुई)। जिले के बरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत जावातरी गांव के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा सड़क किनारे बने यात्री शेड से जा टकराया।

इस भीषण हादसे में यात्री शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गया, जबकि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। दुर्घटना के बाद चालक और उपचालक वाहन के क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

घटना मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग स्थित एनएच-333 पर जावातरी चौक के समीप घटी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हाइवा मधेपुरा से जमुई के किसी बालू घाट पर बालू लोड करने के लिए जा रहा था।

Jamui Hiva Truck Crashes into Passenger Shed Drivers Rescued (1)

इसी दौरान तेज गति और नियंत्रण खो बैठने के कारण वाहन सड़क किनारे बने यात्री शेड में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शेड का बड़ा हिस्सा ढह गया और हाइवा का अगला हिस्सा उसी में फंस गया।

एक घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

अचानक हुई इस जोरदार टक्कर के बाद मौके पर भारी अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बरहट थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

लगभग एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गैस कटर या अन्य माध्यमों से नहीं बल्कि कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक और उपचालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

Jamui Hiva Truck Crashes into Passenger Shed Drivers Rescued (2)

घायलों की पहचान मधेपुरा जिले के निवासी चालक डब्लू कुमार यादव और उपचालक ऋषि कुमार के रूप में हुई है। दोनों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया गया।

यातायात हुआ प्रभावित, पुलिस की कार्रवाई जारी

इस दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही भी बाधित रही। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को सड़क से हटाने और यातायात को सुचारू करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी।

गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त यात्री शेड के पास कोई आम नागरिक या यात्री मौजूद नहीं था, अन्यथा एक बड़ा और जनहानि वाला हादसा हो सकता था।

यह भी पढ़ें- बालू के लालच में जमुई की बरनार नदी का भूगोल तबाह, पाट में उगा कांस का जंगल