नमाज पढ़ने के दौरान दुकान से कंबल और 2 तकिया की चोरी, जमुई में CCTV में कैद हुई घटना
जमुई के महाराजगंज स्थित एक दुकान से नमाज पढ़ने के दौरान कंबल और दो तकिए चोरी हो गए।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना। (जागरण)
HighLights
जमुई में नमाज के दौरान दुकान से चोरी।
एक कंबल और दो तकिए हुए चोरी।
घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद।
संवाद सहयोगी, जमुई। नगर क्षेत्र के महाराजगंज स्थित फैंसी क्लाथ स्टोर में दुकानदार के नमाज पढ़ने के दौरान एक कंबल और दो तकिया चोरी होने का मामला सामने आया है।
चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। सोमवार की सुबह सामने आए इस वीडियो को लेकर इलाके में चर्चा है।
घटना शनिवार की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दुकानदार खुर्शीद आलम दुकान के अंदर नमाज पढ़ रहे हैं।
इसी दौरान एक युवक दुकान के पास आता है और बाहर रखे सामान को देखता है। वह सामान उठाकर फिर रखता है और इसी बीच एक कंबल व दो तकिया लेकर फरार हो जाता है।
खुर्शीद ने बताया कि नमाज पढ़ने के बाद जब उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी, तब चोरी की जानकारी मिली। पीड़ित ने बताया कि करीब 1500 रुपये का कंबल और लगभग 600 रुपये के दो तकिया चोरी हुए हैं।
इस तरह कुल 2100 रुपये के सामान की चोरी हुई है। सीसीटीवी फुटेज स्पष्ट नहीं होने के कारण फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि, घटना की जानकारी अभी पुलिस को नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें- पुलिस और CBI का डर दिखाकर 15 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट, पटना में रिटायर्ड टीचर से 30 लाख की ठगी
