बैंक लूटकांड की जांच को पहुंची चकाई पुलिस
जमुई। पिछले दिनों सीमावर्ती बिहार के चकाई थाना क्षेत्र के सरौन स्थित ग्रामीण बैंक में हुए लूटकांड के अनुसंधान के सिलसिले में बिहार पुलिस की टीम सोमवार को देवघर पहुंची।
जमुई। पिछले दिनों सीमावर्ती बिहार के चकाई थाना क्षेत्र के सरौन स्थित ग्रामीण बैंक में हुए लूटकांड के अनुसंधान के सिलसिले में बिहार पुलिस की टीम सोमवार को देवघर पहुंची। चकाई से आए इंस्पेक्टर संजय कुमार व एसआइ रोहित गुप्ता ने नगर थाना पुलिस से संपर्क किया। बिहार पुलिस लूटकांड के तार देवघर में हुए बैंक लूटकांड से जोड़कर देख रही है। टीम ने यहां की घटनाओं के बारे में जानकारी ली। ये जानने का प्रयास किया कि यहां के दो बैंक लूटकांड में कौन-कौन गिरफ्तार हुए हैं और कौन अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पकड़े गए अपराधियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई। बाद में टीम ने मंडल कारा में बंद बैंक लूटकांड के मास्टरमाइंड सुनील दास से मिलकर भी पूछताछ की। हालांकि उससे पुलिस को ज्यादा कुछ हासिल नहीं हुआ। जानकारी हो कि पहले भी बिहार पुलिस लूटकांड के अनुसंधान के सिलसिले में देवघर आ चुकी है। वहां की पुलिस यहां की पुलिस से लगातार संपर्क बनाए हुए है। लेकिन अभी तक कांड का खुलासा नही हो पाया है।