विजय हत्याकांड में पत्नी व दोस्त भेजे गए जेल
जमुई। तीन साल से थोमस हेम्ब्रम एवं मृतक विजय कुमार की पत्नी पूनम कुमारी के बीच अवैध संबंध था।
जमुई। तीन साल से थोमस हेम्ब्रम एवं मृतक विजय कुमार की पत्नी पूनम कुमारी के बीच अवैध संबंध था। जिसकी भनक विजय को लग गई और पत्नी को अपने साथ लखनऊ ले जाना चाह रहा था। पूनम को लखनऊ ले जाने की बात से नाराज थोमस हेम्ब्रम ने पूनम के साथ मिलकर विजय की हत्या की रणनीति बनाई। उक्त जानकारी झाझा डीएसपी भाष्कर रंजन ने शनिवार की देर शाम प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड में पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था। जिसमें थोमस हेम्ब्रम ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। इसमें पत्नी पूनम कुमारी भी शामिल है। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं अन्य संदिग्ध के विरुद्ध कोई साक्ष्य नहीं मिलने पर छोड़ दिया गया है। हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में थानाध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान की अगुआई में एसआइ दिनेश कुमार एवं सुमंत चौधरी की टीम कार्य कर रही थी।