यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लालू की लाडली : शहर से कस्बे तक रोहिणी आचार्या की चर्चा, लोग बोले- बेटियां यूं ही नहीं होतीं पापा की परी
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट के बाद स्वास्थ लाभ ले रहे हैं। इधर भारत में उनकी बेटी रोहिणी आचार्या की तारीफ हो रही है। खास तौर पर देश की बेटियां उनके लिए क्या कुछ कह रही हैं आइए जानते हैं।

सिमुलतला (जमुई), संवाद सूत्र। रोहिणी आचार्या ने अपने पिता राजनेता लालू प्रसाद यादव को अपनी किडनी दान देकर बता दिया कि बेटियां यूं ही पापा की परी नहीं होतीं। यूं नहीं उन्हें मां का रूप माना जाता। पिता के जीवन के लिए बेटियां अपनी जान तक कुर्बान कर सकती हैं।
रोहिणी का पिता प्रेम की चर्चा शहर से लेकर कस्बाई इलाकों में हो रही है। बेटियां, रोहिणी के इस साहसिक कार्य के कारण खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। अभिभावक अपनी बेटियों पर फख्र कर रहे हैं। रोहिणी के इस उदाहरण से लोग बेटियों को पहाड़ समझने वालों को आइना दिखा रहे हैं। भ्रूण हत्या, जन्म के साथ तिरस्कार के सामाजिक कुविचार पर सुविचार का प्रकाश दिखा रहे हैं।
गौरवान्वित हैं हमलोग
रोहिणी आचार्या ने अपने पिता को किडनी दान कर बता दिया है कि मां - बाप के लिए बेटा ही नहीं बेटियां भी सभी कार्य कर सकती है। आज रोहिणी के इस साहसिक कार्य से बेटियां गौरवांवित महसूस कर रही है। - काकोली विश्वास
रोहिणी आचार्या के इस महादान ने हम बेटियों को एक बार फिर उस श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया, जहां यह आसानी से साबित हो जाता है कि देश सेवा हो या फिर सामाजिक या पारिवारिक कार्य सभी में बेटियां किसी से कम नहीं। - रीतू सिंह
आज देश की सभी बेटियां और वैसे अभिभावक जिन्हें बेटियों के कारण उलाहना झेलना पड़ता होगा। रोहिणी के इस कार्य से बेटियों के प्रति व्याप्त कमजोर अवधारणाओं से उन सभी को निजात मिलेगी। - रीतू भारती
बेटियां हमेशा अपने साहसिक कार्य से देश, समाज, राष्ट्र को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। रोहिणी आचार्या अपने कार्य के माध्यम से लंबी लकीर खींची है। यह लकीर समाज में फैली वैमनस्यता को संभवत: पाट देगी। उनके कार्य पर हम बेटियों को गर्व है। - पल्लवी सिंह