पटना-हावड़ा रेलखंड पर ट्रेनों का बिगड़ा टाइमटेबल, झाझा में गुरुमुखी एक्सप्रेस घंटों लेट, कई ट्रेनें रद्द
पटना-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर रविवार को ट्रेनों के परिचालन में गंभीर अव्यवस्था देखी गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई। ...और पढ़ें

झाझा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के इंतजार में खड़े परेशान यात्री
HighLights
पटना-हावड़ा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।
झाझा-देवघर पैसेंजर सहित कई ट्रेनें रद्द की गईं।
गुरुमुखी एक्सप्रेस झाझा स्टेशन पर घंटों विलंब से पहुँची।
संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। पटना-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर रविवार को ट्रेनों के परिचालन में आई गंभीर अव्यवस्था के कारण रेल यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
स्थिति यह रही कि रेलवे द्वारा अचानक कई महत्वपूर्ण गाड़ियों को रद्द कर दिया गया, जबकि लंबी दूरी की कई गाड़ियां घंटों विलंब से झाझा स्टेशन पहुँचीं। ट्रेनों के इस तरह अचानक रद्द होने और समय पर न मिलने के कारण यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर ही लंबा इंतजार करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को झाझा-देवघर सवारी गाड़ी (संख्या 63565/63566) को पूरी तरह रद्द कर दिया गया। इसके साथ ही रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 17006) का परिचालन भी इस दौरान बाधित रहा और ट्रेन रद्द रही।
अचानक ट्रेनों के रद्द होने की सूचना मिलने से यात्रियों की योजनाएं धरी की धरी रह गईं और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुँचने के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ी।
घंटों की देरी से झाझा पहुँची गुरुमुखी एक्सप्रेस
शॉर्ट-डिस्टेंस ट्रेनों के साथ-साथ लंबी दूरी की ट्रेनों का भी यही हाल रहा। अमृतसर से चलकर कोलकाता की ओर जाने वाली चर्चित गुरुमुखी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12326) अपने निर्धारित समय से घंटों विलंब से झाझा स्टेशन पहुँची। ट्रेन के लेट होने के कारण ठंड और इंतजार में बैठे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ही काफी परेशानी उठानी पड़ी।
रेलवे प्रशासन की सफाई
ट्रेनों के विलंब और परिचालन में आई बाधा को लेकर जब अधिकारियों से बात की गई, तो झाझा के प्रभारी स्टेशन प्रबंधक मंजीत कुमार ने स्पष्ट किया कि अमृतसर-कोलकाता गुरुमुखी एक्सप्रेस समेत अन्य विलंबित ट्रेनें अपने शुरुआती स्टेशनों से ही देरी से चल रही थीं।
उन्होंने साफ किया कि झाझा स्टेशन पर किसी भी ट्रेन को अनावश्यक रूप से विलंबित नहीं किया गया है, बल्कि पीछे से ही शेड्यूल गड़बड़ाया हुआ था। अचानक ट्रेनों के रद्द होने और घंटों की देरी के कारण यात्रियों को मजबूरी में अपनी यात्रा के प्लान में बदलाव करना पड़ा।
