Odisha Train Accident: 8 माह की बीमार बच्ची के लिए लौट रहे पिता की ट्रेन हादसे में मौत; एक युवक लापता, 3 घायल
A Man From Jamui Died In Odisha Train Accident ओडिशा के बालेश्वर में हुए ट्रेन हादसे में चकाई के एक युवक की मौत हो गई जबकि एक युवक लापता है और तीन युवक घायल हैं। सभी युवक चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत पोझा पंचायत के महेशापत्थर गांव के हैं।
चंद्रमंडी (जमुई), संवाद सूत्र: ओडिशा के बालेश्वर में हुए ट्रेन हादसे में चकाई के एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक लापता है और तीन युवक घायल हैं।
सभी युवक चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत पोझा पंचायत के महेशापत्थर गांव के हैं, जो दो हफ्ते पहले बेंगलुरु मजदूरी करने गए थे। वहां से वे लोग ट्रेन से वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी क्रम में ओडिशा के बालेश्वर में ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें वीरेन किस्कू के पुत्र राम किस्कू की मौत हो गई। मंगू किस्कू का पुत्र प्रेम किस्कू लापता है।
विकेश किस्कू, अजीत टुड्डू एवं श्यामलाल हेंब्रम घायल हैं। घायल युवकों द्वारा ही घटना की सूचना घरवालों को दी गई।
मृतक के घर में मचा कोहराम
सूचना मिलते ही मृतक के स्वजनों के घर कोहराम मच गया। मृतक राम किस्कू के घर स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां सुमरी मुर्मु ने बताया कि 13 मई को सभी युवक मजदूरी के लिए बेंगलुरु गए थे, उसकी आठ माह के बच्चे की तबीयत खराब हो गई थी। इसकी जानकारी पाकर वह घर लौट रहा था।
लापता प्रेम किस्कू की मां सोनामुनि मरांडी बेटे का कोई सुराग नहीं मिलने से बदहवास है। वह उसके सकुशल रहने की भगवान से प्रार्थना कर रही है। घर में चूल्हा भी नहीं जला है। घायल युवकों के स्वजन भी घटना से मर्माहत हैं। मृतक एवं घायलों के स्वजन शनिवार की सुबह रिजर्व वाहन से बालेश्वर के लिए रवाना हो गए।