जमुई में जितिया के 'नहाय-खाय' के दिन बेटे को मां और पत्नी ने भिजवाया जेल, शराब के नशे में करता था मारपीट
जमुई के बरहट में जितिया पर्व के 'नहाय-खाय' के दिन एक शराबी बेटे अजय तांती को उसकी पत्नी और मां ने पुलिस बुलाकर गिरफ्तार करवा दिया।

बेटे को मां और पत्नी ने भिजवाया जेल
HighLights
जमुई में शराबी बेटे को मां और पत्नी ने भेजा जेल।
जितिया पर्व के 'नहाय-खाय' के दिन हुई यह घटना।
शराब के नशे में पत्नी और वृद्ध मां से करता था मारपीट।
संवाद सूत्र, बरहट(जमुई)। मलयपुर थाना क्षेत्र के माली टोला में शराब के नशे में धुत होकर पत्नी के साथ मारपीट और बीच-बचाव करने आई वृद्ध मां के साथ हाथापाई करना एक सिरफिरे युवक को भारी पड़ गया। पति की नित्यदिन की प्रताड़ना और बेटे की प्रताड़ित करने की आदत से तंग आकर पत्नी रिंकी देवी और मां सुशीला देवी ने खुद मलयपुर थाना पुलिस को फोन कर आरोपी अजय तांती को गिरफ्तार करवा दिया।
बताया जाता है कि अजय तांती नित्यदिन अत्यधिक शराब पीकर घर लौटता था और अपनी पत्नी रिंकी देवी के साथ बेदर्दी से मारपीट और गाली-गलौज करता था। अजय के तीन छोटे-छोटे बच्चे भी हैं, जो पिता के इस खौफनाक और हिंसक रवैये के कारण लगातार दहशत के साए में जीने को मजबूर थे।
शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा
गुरुवार को अजय शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और पत्नी के साथ फिर से मारपीट शुरू कर दी। जब उसकी वृद्ध मां सुशीला देवी अपनी बहू और बिलखते मासूम पोते-पोतियों को बचाने बीच में आईं, तो कलयुगी बेटे ने अपनी मां के साथ भी हाथापाई की।
इसके बाद पत्नी और मां के सब्र का बांध टूट गया। दोनों ने तीन मासूम बच्चों की मौजूदगी में ही हिम्मत दिखाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी अजय तांती को गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार को आरोपी को भिजवाते वक्त रोती-बिलखती मां सुशीला देवी ने भरे दिल से कहा,आज हमने अपनी संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए जितिया पर्व का नहाय खाय के साथ शुरू किया है, लेकिन ऐसे कुपुत्र की प्रताड़ना से तंग आकर आज हम खुद उसे जेल भिजवा रहे हैं।
अब हम फाइन देकर भी अपने बेटे को नहीं छुड़ाएंगे, ताकि तीन मासूम बच्चों और बहू को इस रोज-रोज के नरक से मुक्ति मिल सके। थानाध्यक्ष शेखर सौरभ ने बताया कि पीड़ित परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
