जमुई में सरकारी जमीन घोटाले पर EOU का शिकंजा, हिरासत में राजस्व कर्मचारी
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने जमुई के सोनो प्रखंड में कार्यरत संविदा राजस्व कर्मचारी छोटे लाल यादव को सरकारी जमीन ...और पढ़ें
-1790783256427_m.webp)
HighLights
संविदा राजस्व कर्मचारी छोटे लाल यादव को EOU ने हिरासत में लिया।
सरकारी जमीन से जुड़े मामले में उनकी भूमिका की जांच जारी है।
कार्रवाई का संबंध जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी के ठिकानों से है।
संवाद सहयोगी, जमुई। सोनो प्रखंड में संविदा पर कार्यरत राजस्व कर्मचारी छोटे लाल यादव को आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम मंगलवार की रात जमुई शहर के वीर कुंवर सिंह कालोनी स्थित आवास से अपने साथ पटना ले गई।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के तार सिकंदरा में 28 जुलाई को जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी के आवास सहित अन्य सहयोगियों के ठिकानों पर हुई छापेमारी से जुड़ रहे हैं। हालांकि, आर्थिक अपराध इकाई की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
राजस्व विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, छोटे लाल यादव को उनके आवास से टीम अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि सरकारी जमीन से जुड़े किसी मामले में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। टीम ने उनके पैतृक गांव डाढ़ा स्थित आवास पर भी छापेमारी की।
इसके अलावा सिकंदरा में करीब आधा दर्जन स्थानों पर भी कार्रवाई किए जाने की बात सामने आ रही है। इनमें एक पूर्व प्रमुख व वर्तमान वार्ड पार्षद सीता देवी का आवास भी शामिल बताया जा रहा है। यहां से उनके पति प्रदीप चौधरी को भी ईओ की टीम साथ ले गई है।
सोनो कार्यालय में अनुपस्थित मिले
आर्थिक अपराध इकाई की टीम द्वारा ले जाए जाने के कारण छोटे लाल यादव बुधवार को सोनो अंचल कार्यालय नहीं पहुंचे। इस पर अंचल अधिकारी ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही अनुपस्थिति अवधि का मानदेय काटने की बात कही गई है।
अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा ने बताया कि छोटे लाल यादव संविदा पर राजस्व कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। बीती रात आर्थिक अपराध इकाई की टीम उन्हें उनके आवास से ले गई है। इससे अधिक विस्तृत जानकारी उन्हें भी प्राप्त नहीं हो सकी है।
