4 अक्टूबर से मधुपुर-जसीडीह रेलखंड पर 36 दिन ट्रैफिक ब्लाक; जसीडीह-झाझा मेमू सहित कई ट्रेन रद, आसनसोल मेमू रीशेड्यूल
Madhupur Jasidih Track Maintenance Traffic Block पूर्व रेलवे के मधुपुर-जसीडीह रेलखंड पर 4 अक्टूबर से 27 दिसंबर 2026 तक 36 ...और पढ़ें

मधुपुर-जसीडीह रेलखंड पर ट्रैक मेंटेनेंस के कारण मेमू ट्रेनों के परिचालन में फेरबदल
HighLights
मधुपुर-जसीडीह रेलखंड पर 36 दिन का ट्रैफिक ब्लॉक।
जसीडीह-झाझा मेमू ट्रेन पूरी तरह रद्द रहेगी।
आसनसोल-जसीडीह मेमू एक घंटा देरी से चलेगी।
संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। त्योहारी सीजन के मुहाने पर दैनिक रेल यात्रियों और नौकरीपेशा वर्ग को बड़ा झटका लगा है। पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत मधुपुर–जसीडीह रेलखंड की अप लाइन पर संरक्षा, सुरक्षा और सुचारु रेल परिचालन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ट्रैक अनुरक्षण (मेंटेनेंस) का कार्य शुरू किया जा रहा है।
इसके तहत आगामी 4 अक्टूबर से 27 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को कुल 36 दिनों के लिए प्रतिदिन 210 मिनट यानी 3 घंटे 30 मिनट का ट्रैफिक ब्लाक लिया जाएगा। आसनसोल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी ने गुरुवार देर शाम प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह आधिकारिक जानकारी दी।
इस लंबे मेंटेनेंस ब्लाक के कारण उक्त रेलखंड पर चलने वाली महत्वपूर्ण लोकल मेमू ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया गया है, जिसका सीधा असर जमुई, देवघर और आसनसोल के बीच सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
ट्रैफिक ब्लाक से प्रभावित 36 तिथियों का पूरा कैलेंडर
अक्टूबर 2026 (11 दिन): 4, 6, 9, 11, 13, 16, 18, 23, 25, 27 एवं 30 अक्टूबर
नवंबर 2026 (13 दिन): 1, 3, 6, 8, 10, 13, 15, 17, 20, 22, 24, 27 एवं 29 नवंबर
दिसंबर 2026 (12 दिन): 1, 4, 6, 8, 11, 13, 15, 18, 20, 22, 25 एवं 27 दिसंबर
(नोट: प्रत्येक निर्धारित दिन पर 210 मिनट (साढ़े तीन घंटे) का ट्रैफिक ब्लाक रहेगा।)
जसीडीह–झाझा मेमू पूरी तरह निरस्त
रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस अवधि में ट्रेनों का परिचालन इस प्रकार प्रभावित रहेगा:
पूरी तरह रद ट्रेन: गाड़ी संख्या 63565/63566 (जसीडीह–झाझा–जसीडीह मेमू) ब्लाक की सभी निर्धारित 36 तिथियों पर दोनों दिशाओं से पूरी तरह निरस्त रहेगी।
रीशेड्यूल (देरी से चलने वाली) ट्रेन: गाड़ी संख्या 63561 (आसनसोल–जसीडीह मेमू) चिन्हित 36 तिथियों पर अपने प्रारंभिक स्टेशन आसनसोल से अपने निर्धारित समय से 60 मिनट (एक घंटा) की देरी से रवाना की जाएगी।
दुर्गापूजा, दिवाली व छठ में ब्लाक से फूटा दैनिक यात्रियों का गुस्सा
दुर्गापूजा, दीपावली और लोकआस्था के महापर्व छठ के दौरान लिए गए इस मेंटेनेंस ब्लाक से दैनिक यात्रियों, व्यापारियों और छात्रों में गहरा रोष व्याप्त है।
दैनिक यात्रियों का कहना है कि मेमू ट्रेनें इस रूट पर आम जनता, छोटे कारोबारियों, कोर्ट-कचहरी और दफ्तर आने-जाने वालों के लिए लाइफलाइन मानी जाती हैं। त्योहारी मौसम में जब ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है और आवागमन बढ़ जाता है, उस समय मेमू को रद करना समझ से परे है।
आसनसोल मेमू रीशेड्यूल
यात्रियों का तर्क है कि रेलवे को यह आवश्यक मेंटेनेंस कार्य या तो त्योहारों से पहले पूरा कर लेना चाहिए था या फिर छठ महापर्व के बाद शुरू करना चाहिए था, ताकि त्योहारी सीजन में आम लोगों को यात्रा में सहूलियत मिलती।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा 'एनटीईएस' (NTES) मोबाइल ऐप के जरिए ट्रेनों की वास्तविक और अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें।
