सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत के मुख्य दरवाजे पर जड़ा ताला
जमुई। गुरुवार को नगर पंचायत के कर्मचारियों एवं सफाईकर्मियों ने पंचायत के मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ दिया।
जमुई। गुरुवार को नगर पंचायत के कर्मचारियों एवं सफाईकर्मियों ने पंचायत के मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ दिया। काम ठप कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। इस दौरान कर्मचारियों ने कार्यपालक पदाधिकारी के विरोध में नारेबाजी भी की। कार्यालय पहुंचे कार्यपालक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों को कर्मचारियों ने कार्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया। कर्मचारियों ने एक मांग पत्र नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को देकर तीन माह का वेतन देने की मांग की। मांग पत्र की प्रति डीएम, एसडीओ एवं मुख्य पार्षद को भी दिया है। नियमित कर्मचारी के हड़ताल पर जाने से नगर के सफाई के अलावा छठ घाटों की सफाई पर असर पड़ेगा। एनजीओ के कर्मचारी सफाई कार्य में लगे हुए थे। नगर पंचायत के कर्मचारी अजीत कुमार सिन्हा, मिथिलेश कुमार पासवान, अरविन्द कुमार यादव, मंटू ¨सह, ओमप्रकाश साव आदि के अलावा समाजसेवी सूर्यावत्स ने कहा कि अगस्त से अक्टूबर तक तीन माह का वेतन नहीं मिला है। इस मामले में कई बार नगर के कार्यपालक पदाधिकारी से वेतन भुगतान करने की मांग की गई परंतु कोई पहल नहीं हुई। दुर्गापूजा जैसे पर्व में वेतन नहीं मिलने के कारण पर्व फीका रहा। वहीं दिपावली एवं छठ जैसे महापर्व में भी पैसे का भुगतान नहीं होता हैं तो नगर प्रशासन के लिए अत्यंत दु:ख की बात होगी। कार्यपालक पदाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पूर्व कार्यपालक पदाधिकारी ने कर्मचारी के वेतन के राशि को दूसरे मद में खर्च कर दिए जाने के कारण नगर पंचायत के पास राशि नहीं है। यही वजह है कि कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जा सका है।