विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar NDA में खींचतान: चिराग पर पर्सनल अटैक से भड़की LJPR, जीतन राम मांझी के MLA को दी नसीहत

Published: Wed, 09 Sep 2026 07:30 PM (IST)

सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी के बयान पर लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष जीवन सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने व्यक्तिगत ...और पढ़ें

जीतन राम मांझी और चिराग पासवान।

जीतन राम मांझी और चिराग पासवान।

HighLights

  1. लोजपा जिलाध्यक्ष ने सिकंदरा विधायक के बयान को नकारा।

  2. व्यक्तिगत टिप्पणी को अस्वस्थ राजनीति, एनडीए धर्म के खिलाफ बताया।

  3. जमुई के विकास पर सांसद अरुण भारती के प्रयासों पर जोर।

संवाद सहयोगी, जमुई। सिकंदरा विधायक प्रफुल्ल मांझी के बयान को लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष जीवन सिंह ने खारिज करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।

बुधवार को जमुई सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि जमुई सांसद अरुण भारती, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान तथा पार्टी के संस्थापक स्व. रामविलास पासवान पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना न तो स्वस्थ राजनीति है और न ही एनडीए धर्म का पालन।

जीवन सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के हित और क्षेत्र के विकास की बात करनी चाहिए। जमुई में चौमुखी विकास की दिशा में सांसद अरुण भारती लगातार प्रयासरत हैं।

उन्होंने कहा कि चिराग पासवान की कर्मभूमि रही जमुई में पिछले वर्षों में कई विकास कार्य हुए हैं और उसी विकास की राह को आगे बढ़ाने के लिए अरुण भारती दिन-रात संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सांसद अरुण भारती चुनाव आयोग के समक्ष आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद जनता के बीच चुनाव लड़कर सदन पहुंचे हैं। यदि किसी को उनके व्यक्तिगत अथवा पारिवारिक परिचय से संबंधित जानकारी चाहिए तो चुनाव आयोग, समाहरणालय, मतदाता पहचान पत्र समेत सार्वजनिक माध्यमों से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अनावश्यक व्यक्तिगत टिप्पणी कर राजनीतिक मुद्दे को भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोजपा (रामविलास) बेबुनियाद बातों पर अपना समय बर्बाद नहीं करेगी। पार्टी का पूरा ध्यान जमुई के विकास और जनता के हित पर है। आने वाले दिनों में सांसद अरुण भारती जमुई के चौमुखी विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे।

मौके पर बच्चू ताती, रिंकू सिंह, गौतम पासवान, रंजन सिंह, रोशन कुमार, दानी पासवान, बबलू सिंह समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- बिहार में आरक्षण पर घमासान: MLA प्रफुल्ल का अरुण भारती पर सीधा वार, चिराग के परिवार पर भी लगाए आरोप