विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुणे FTII में चमके ब‍िहार के लाल कुमार अभिनव; देशभर के हजारों प्रतिभागियों को पछाड़ स्क्रीन एक्टिंग के टॉप 16 में चयन

Published: Sat, 07 Nov 2026 05:59 AM (IST)

Jamui Kumar Abhinav FTII Pune Screen Acting Selection: जमुई के कुमार अभिनव का चयन देश के प्रतिष्ठित भारतीय फिल्म एवं ...और पढ़ें

Jamui Kumar Abhinav FTII Pune Screen Acting Selection: गिद्धको गांव निवासी कुमार अभिनव

Jamui Kumar Abhinav FTII Pune Screen Acting Selection: गिद्धको गांव निवासी कुमार अभिनव

HighLights

  1. कुमार अभिनव का प्रतिष्ठित एफटीआईआई पुणे में स्क्रीन एक्टिंग के लिए चयन।

  2. देशभर से हजारों कलाकारों में शीर्ष 16 में अपनी जगह बनाई।

  3. जमुई जिले और बिहार राज्य का मान बढ़ाया, खुशी का माहौल।

संवाद सूत्र,  बोड़वा (जमुई)। Jamui Kumar Abhinav FTII Pune Screen Acting Selection: प्रतिभा, लगन और निरंतर कड़े अभ्यास के बल पर जमुई के बेटे ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया है। जिले के झाझा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गिद्धको गांव निवासी कुमार अभिनव का चयन देश के सबसे प्रतिष्ठित भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे के दो वर्षीय स्क्रीन एक्टिंग पाठ्यक्रम के लिए हुआ है।

चयन प्रक्रिया में देशभर से हजारों की संख्या में पहुंचे युवा कलाकारों के बीच बेहद कड़ी प्रतिस्पर्धा रही, जिसमें अभिनव ने अंतिम 16 प्रतिभागियों में स्थान पक्का कर पूरे जिले और राज्य का मान बढ़ाया है। उनकी इस शानदार सफलता से गांव सहित समूचे जमुई जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है।

साधारण परिवार से निकलकर तय किया असाधारण मुकाम

कुमार अभिनव एक साधारण व संभ्रांत परिवार से आते हैं। उनके पिता सीताराम यादव जमुई न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं, जबकि माता एक कुशल गृहिणी हैं। परिवार में शैक्षणिक परिवेश होने के बावजूद अभिनव का रुझान बचपन से ही कला और रचनात्मकता की ओर था।

अभिनव ने अपनी उच्च शिक्षा के लिए इलाहाबाद विश्वविद्यालय का रुख किया, जहां उन्होंने सत्र 2022-25 में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके उपरांत उन्होंने कला के प्रति अपने समर्पण को आगे बढ़ाते हुए इसी विश्वविद्यालय में 'फिल्म एवं थिएटर' विषय में स्नातकोत्तर में दाखिला लिया।

प्रयागराज के रंगमंच पर चार साल तक तराशी अभिनय कला

अकादमिक अध्ययन के साथ-साथ अभिनव ने अभिनय को ही अपने जीवन का अंतिम लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। उन्होंने लगातार चार वर्षों तक प्रयागराज के समृद्ध रंगमंच से जुड़कर अभिनय की सूक्ष्म बारीकियों को आत्मसात किया।

इस दौरान उन्होंने देश के जाने-माने राष्ट्रीय नाट्य समारोहों, जैसे कोलकाता के 'नंदिकार' और राजस्थान के 'अलवर रंगम' सहित कई प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी अदाकारी का जादू बिखेरा। उन्होंने लगभग 15 नाटकों में विभिन्न चुनौतीपूर्ण चरित्रों को जीवंत कर मंच का व्यापक अनुभव बटोरा।

अब बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा में देंगे नई पहचान

अभिनव के अनुसार, रंगमंच पर मिले चार वर्षों के इसी ठोस अनुभव, संवाद अदायगी और निरंतर शारीरिक-मानसिक अभ्यास ने उन्हें एफटीआईआई, पुणे की बहुस्तरीय और बेहद कठिन प्रवेश परीक्षा में सफलता दिलाई।

अब वे पुणे स्थित संस्थान में पेशेवर गुरुओं से स्क्रीन एक्टिंग का विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और बड़े पर्दे पर अपनी कला का विस्तार करेंगे। अभिनव की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता, स्वजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

यह भी पढ़ें- Asian Para Games 2026 : ब‍िहार के शैलेश ने जापान में रचा इतिहास; हाई जंप T63 में गोल्ड और लंबी कूद में ब्रॉन्ज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।