विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में युवक ने खुद के सिर में मारी गोली, पटना ले जाने के दौरान नालंदा के रहुई में तोड़ा दम; जांच में जुटी FSL टीम

Published: Sun, 18 Oct 2026 06:59 PM (IST)

Jamui Crime News: जमुई के महिसौड़ी में एक 22 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली, ...और पढ़ें

Jamui Crime News: जमुई के महिसौड़ी में युवक द्वारा खुद को गोली मारे जाने के बाद घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच करती पुलिस टीम

Jamui Crime News: जमुई के महिसौड़ी में युवक द्वारा खुद को गोली मारे जाने के बाद घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच करती पुलिस टीम

HighLights

  1. जमुई में 22 वर्षीय युवक ने खुद को गोली मारी।

  2. पटना ले जाते समय नालंदा के पास रास्ते में मौत।

  3. पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाकर जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Crime News: शहर के व्यस्त महिसौड़ी इलाके में रविवार की दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 22 वर्षीय युवक ने कथित रूप से आत्महत्या की नीयत से खुद के सिर में पिस्तौल से गोली मार ली। गोली सिर के आर-पार निकल गई, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।

आनन-फानन में परिजन स्थानीय लोगों की मदद से उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; एंबुलेंस से पटना ले जाने के दौरान नालंदा जिले के रहुई के समीप युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

सिर के आर-पार निकल गई थी गोली

मृतक की पहचान महिसौड़ी निवासी स्वर्गीय मुन्ना सिंह के 22 वर्षीय पुत्र भानु सिंह के रूप में हुई है। घटना रविवार दोपहर बाद करीब तीन बजे की है। बताया जाता है कि युवक ने पिस्तौल निकाली और अपने सिर के बाईं ओर सटाकर ट्रिगर दबा दिया। गोली सिर के बाएं हिस्से से घुसकर दाहिने हिस्से से बाहर निकल गई।

गोली की आवाज सुनकर दौड़े परिजन कमरे का मंजर देखकर स्तब्ध रह गए और उसे तुरंत सदर अस्पताल ले गए। सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि गोली सिर के आर-पार हो जाने के कारण युवक की स्थिति अत्यंत नाजुक थी, जिसके चलते प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल उच्च केंद्र रेफर किया गया था।

Jamui Youth Dies After Self Inflicted Gunshot Wound (1)

खोखा बरामद, एफएसएल टीम को बुलाया गया

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। साइबर डीएसपी सह प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार और नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार फौरन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से युवक की स्थिति की जानकारी ली।

पुलिस ने युवक के कमरे से एक प्रयुक्त खोखा बरामद किया है। साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई है और वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए मुंगेर/भागलपुर से एफएसएल (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को मौके पर बुलाया गया है।

Jamui Youth Dies After Self Inflicted Gunshot Wound (2)

खुदकुशी की वजहों पर रहस्य, स्वजन खामोश

युवक ने यह आत्मघाती कदम किस वजह से उठाया और उसके पास हथियार कहां से आया, इसे लेकर रहस्य बरकरार है। परिजनों के अनुसार, घर में किसी प्रकार का कोई विवाद या क्लेश नहीं था और न ही बाहर किसी से उसका कोई झगड़ा या दुश्मनी थी।

स्वजन भी गहरे सदमे में हैं और घटना के कारणों को लेकर फिलहाल कुछ भी स्पष्ट बोलने से बच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और युवक के मोबाइल व कॉल डिटेल के अलावा पारिवारिक और व्यक्तिगत पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, ताकि खुदकुशी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।