विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में दबंगों ने सरकारी चापाकल पर जमाया कब्जा, प्यासे ग्रामीण दर-दर भटकने को मजबूर

Published: Wed, 11 Feb 2026 03:59 PM (IST)

जमुई के गिद्धौर प्रखंड की पतसंडा पंचायत में दबंगों ने पीएचईडी के सरकारी चापाकल पर अवैध कब्जा कर मोटर लगा ...और पढ़ें

सरकारी चापाकल पर जमाया कब्जा

सरकारी चापाकल पर जमाया कब्जा

HighLights

  1. दबंगों ने सरकारी चापाकल पर मोटर लगाकर कब्जा किया।

  2. गिद्धौर के वार्ड 03 में भीषण पेयजल संकट।

  3. पीएचईडी विभाग ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संवाद सूत्र, गिद्धौर(जमुई)। प्रखंड की पतसंडा पंचायत के वार्ड नं. 03 में दबंगों द्वारा पीएचईडी विभाग के चापाकल पर अवैध कब्जा किए जाने से ग्रामीणों के बीच भीषण पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। बताया जा रहा है कि विभाग द्वारा आम जनता के उपयोग के लिए लगाए गए चापाकल में दबंगों ने मोटर सेट लगा दिया है, जिससे चापाकल पूरी तरह से खराब हो गया है और पानी देना बंद कर चुका है। 

वार्ड सं. 03 निवासी विनोद यादव, अरविंद यादव, जीवन मांझी, दयावंती देवी, भानो देवी और खीरू शर्मा ने बताया कि वार्डवासी आज तक मुख्यमंत्री नल-जल योजना से वंचित हैं। 

मोटर सेट लगाए जाने के कारण चापाकल पूरी तरह से बेकार 

पेयजल की समस्या को देखते हुए वार्डवासियों की मांग पर पीएचईडी विभाग द्वारा वार्ड तीन से होकर गुजरने वाली सड़क पर अवध साव के घर के समीप चापाकल लगाया गया था, लेकिन दबंगों द्वारा उसमें मोटर सेट लगाए जाने के कारण चापाकल पूरी तरह से बेकार हो गया है। 

ग्रामीणों ने बताया कि चापाकल बंद रहने से न केवल वार्डवासी, बल्कि राहगीरों को भी पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक महीने से लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। 

इस संबंध में समाजसेवी लक्ष्मण साव ने बताया कि जब इस मामले को लेकर गिद्धौर के बीडीओ ई. सुनील कुमार से शिकायत की गई तो उन्होंने पीएचईडी विभाग से संपर्क करने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।

विभागीय चापाकल में मोटर लगाए जाने की सूचना मिली है। स्थल निरीक्षण कर जल्द ही मामले में विभागीय कार्रवाई की जाएगी। - वर्षा कुमारी, जेई, पीएचईडी, गिद्धौर