जमुई: जिस ट्रैक पर दीपावली में बेटे की गई थी जान, वहीं ट्रेन की चपेट में आकर पिता की भी मौत
सिमुलतला के पास ट्रेन की चपेट में आने से सेवानिवृत्त रेलकर्मी धीरो महतो की मौत हो गई। यह दुखद घटना ...और पढ़ें

जिस ट्रैक पर दीपावली में बेटे की गई थी जान, वहीं ट्रेन की चपेट में आकर पिता की भी मौत (AI Generated Image)
HighLights
सेवानिवृत्त रेलकर्मी धीरो महतो की सिमुलतला में ट्रेन से कटकर मौत।
उसी ट्रैक पर बेटे की दो साल पहले हुई थी मौत।
धीरो महतो ने पहले एक पैर गंवाया था, अब दूसरा भी।
संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। मंगलवार का दिन एक सेवानिवृत्त रेलकर्मी के परिवार के लिए दुखों का पहाड़ लेकर आया। पूर्व रेलवे के आसनसोल रेलमंडल अंतर्गत जसीडीह-झाझा रेलखंड पर सिमुलतला और घोरपारण स्टेशन के बीच किलोमीटर सं. 349/15 के समीप रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान रेलकर्मी धीरो महतो (76) बर्द्धमान-झाझा मेमू ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे में उनका दाहिना पैर कटकर शरीर से अलग हो गया, जबकि हाथ भी बुरी तरह कुचल गया। गंभीर रूप से घायल धीरो महतो को पहले झाझा और फिर जमुई अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थिति नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया, लेकिन पटना ले जाने की तैयारी के दौरान ही जमुई अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
इस हादसे ने परिवार के पुराने जख्म को एक बार फिर हरा कर दिया। जिस रेलवे ट्रैक पर दो साल पहले दीपावली के दिन उनके छोटे बेटे शंभू की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई थी, मंगलवार को उसी जगह पिता की भी जान चली गई।
नियति का क्रूर संयोग देखिए कि धीरो महतो वर्ष 2002 में ही एक हादसे में अपना बायां पैर गंवा चुके थे। इसके बाद एक पैर के सहारे जीवन गुजार रहे थे। मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से उनका बचा हुआ दाहिना पैर भी कट गया और अंततः उनकी जिंदगी भी नहीं बच सकी।
स्वजनों के अनुसार, धीरो महतो बाजार गए थे। वहां से रेलवे लाइन पार कर घर लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। उनके पुत्र हेमलाल यादव ने बताया कि पिता रेलवे से वर्ष 2010 में सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा रेलवे की सेवा में बिताया था।
घटना के बाद स्थानीय रेलवे प्रशासन ने तत्परता दिखाई। स्टेशन प्रबंधक अखिलेश कुमार और आरपीएफ के अवर निरीक्षक रवि कुमार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए अप लाइन से गुजर रही 07588 चेरियापल्ली-बरौनी स्पेशल ट्रेन से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झाझा भेजा गया।
उनके साथ ऑन ड्यूटी पोर्टर गोविंद यादव और आरपीएफ जवान रजत कुमार भी गए। इसके बाद उन्हें जमुई लाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।