विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मनचलों के चंगुल में फंसी छात्रा, बचाने के लिए आखिरी दम तक भिड़ा दोस्त; जमुई में हो रही बहादुरी की चर्चा

Published: Mon, 21 Sep 2026 09:14 PM (IST)Updated: Mon, 21 Sep 2026 09:35 PM (IST)

जमुई में एक छात्र ने बदमाशों के चंगुल से अपनी सहपाठी छात्रा को बचाने के लिए आखिरी दम तक संघर्ष ...और पढ़ें

मनचलों के चंगुल में फंसी छात्रा, बचाने के लिए आखिरी दम तक भिड़ा दोस्त (वायरल वीडियो स्क्रीनग्रैब)

मनचलों के चंगुल में फंसी छात्रा, बचाने के लिए आखिरी दम तक भिड़ा दोस्त (वायरल वीडियो स्क्रीनग्रैब)

HighLights

  1. छात्र ने बदमाशों के घेरे से छात्रा को बचाने का प्रयास किया।

  2. वायरल वीडियो में छात्र की बहादुरी और संघर्ष स्पष्ट दिख रहा है।

  3. पुलिस घटना की जांच कर रही है, कई सवालों के जवाब मिलेंगे।

संवाद सहयोगी, जमुई। बदमाशों के घेरे में फंसी सहपाठी छात्रा को बचाने के लिए छात्र आखिरी क्षण तक जूझता रहा। घटना के बाद छात्र और छात्रा ने भले ही लोकलाज के कारण चुप्पी साध ली हो, लेकिन प्रसारित वीडियो में छात्र की बहादुरी सामने आ गई है। वीडियो में वह बदमाशों से छात्रा को छुड़ाने के लिए लगातार संघर्ष करता दिखाई दे रहा है।

वीडियो में छात्र बदमाशों को खींचकर छात्रा से अलग करने का प्रयास करता है। कभी वह बदमाशों को पीछे धकेलता दिखता है तो कभी छात्रा को उनके कब्जे से निकालकर सुरक्षित स्थान की ओर भेजने की कोशिश करता है।

छात्रा भी खुद को बचाने के लिए लगातार प्रतिरोध करती नजर आती है। दोनों के इस संघर्ष के बीच बदमाशों की संख्या अधिक होने के बावजूद छात्र पीछे हटता नहीं दिख रहा है।

घटना से जुड़े वीडियो में कार और कई बाइक भी दिखाई दे रही हैं। इससे मौके पर और भी लोगों की मौजूदगी स्पष्ट होती है जो वीडियो में नहीं दिख रहा है। हालांकि, वीडियो के आधार पर घटना के पूरे घटनाक्रम और आरोपितों की मंशा को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।

पहाड़ पर घूमने से लेकर घटना तक कई सवाल

बताया जा रहा है कि छात्र-छात्रा पहाड़ पर घूमने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद बदमाशों ने कथित तौर पर नीचे घटना को अंजाम देने की योजना बनाई। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में छात्र और छात्रा का प्रतिरोध जरूर दिखाई देता है।

अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि घटना से पहले क्या हुआ, मौके पर कितने लोग मौजूद थे और घटनाक्रम की पूरी कड़ी क्या थी। फिलहाल, शहर से लेकर गांव तक स्कूली छात्र और छात्रा की गलती से ज्यादा उन दोनों के संघर्ष की चर्चा हो रही है।

यह भी पढ़ें- जमुई छेड़खानी कांड में स्पीडी ट्रायल, महिला SDPO के नेतृत्व में SIT गठित; आपत्तिजनक वीडियो चलाने वालों पर कार्रवाई

यह भी पढ़ें- 'प्लीज... हम इसकी बेस्ट फ्रेंड हैं', जमुई में हाथ जोड़कर मिन्नतें करती रही छात्रा, दोस्त को पीटते रहे दरिंदे