विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई रेलवे स्टेशन पर चमत्कार! प्लेटफार्म पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म, यात्रियों ने बनाई ‘मानव चादर’

Published: Wed, 27 May 2026 04:46 PM (IST)

जमुई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर एक गर्भवती महिला ने अचानक प्रसव पीड़ा के बाद स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। ...और पढ़ें

ट्रेन का इंतजार बना जिंदगी का सफर, जमुई स्टेशन पर महिला ने दिया स्वस्थ नवजात को जन्म

ट्रेन का इंतजार बना जिंदगी का सफर, जमुई स्टेशन पर महिला ने दिया स्वस्थ नवजात को जन्म

HighLights

  1. जमुई रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म पर गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया।

  2. यात्रियों और रेलकर्मियों ने सुरक्षित प्रसव में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की।

  3. मां और नवजात शिशु दोनों स्वस्थ, अस्पताल में भर्ती हैं।

संवाद सूत्र, बरहट (जमुई)। जमुई रेलवे स्टेशन पर बुधवार को उस समय भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब प्लेटफार्म संख्या-01 पर ट्रेन का इंतजार कर रही एक गर्भवती महिला ने अचानक प्रसव पीड़ा के बाद स्वस्थ नवजात को जन्म दिया। घटना के दौरान स्टेशन परिसर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी में बदल गया, लेकिन यात्रियों और रेलकर्मियों की तत्परता ने एक सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कर दिया।

ट्रेन का इंतजार करते समय शुरू हुई पीड़ा

जानकारी के अनुसार, लखीसराय जिले के मननपुर (भंडार) गांव निवासी विक्की कुमार अपनी पत्नी काजल और अन्य परिजनों के साथ जमुई स्टेशन पहुंचे थे। वे प्लेटफार्म संख्या-01 पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान काजल को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ते देख परिजन घबरा गए और स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

महिला यात्रियों ने दिखाई मानवता

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्लेटफार्म पर मौजूद महिला यात्रियों ने तुरंत मदद का हाथ बढ़ाया। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए चादर का घेरा बनाकर महिला को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया और वहीं पर प्रसव की प्रक्रिया शुरू की। कुछ ही देर में काजल ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। नवजात की किलकारी सुनते ही स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

Jamui Station Woman Delivers Baby on Platform Passengers Help

रेलकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ जवान सुनील कुमार रोशन और रंजीत प्रसाद तथा जीआरपी की महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया और तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस और मेडिकल टीम स्टेशन पहुंच गई। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने मां और नवजात दोनों को स्वस्थ पाया।

अस्पताल में भर्ती, दोनों स्वस्थ

इसके बाद मां और नवजात को बेहतर देखभाल के लिए मलयपुर स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। चिकित्सकों ने दोनों की स्थिति सामान्य बताई है।

लोगों ने की सराहना

घटना के दौरान यात्रियों और रेलकर्मियों द्वारा दिखाई गई तत्परता की लोगों ने जमकर सराहना की। कई यात्रियों ने इसे मानवता और आपसी सहयोग की मिसाल बताया और नवजात के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्लेटफार्म संख्या-01 पर महिला द्वारा बच्चे को जन्म देने की सूचना मिलते ही नजदीकी अस्पताल को सूचित किया गया। एंबुलेंस और स्वास्थ्य टीम तुरंत मौके पर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद मां और नवजात को अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

-

नीतीश कुमार, स्टेशन प्रबंधक, जमुई