चुनावी पंडित कर रहे कुंडली की गणना
जमुई। जमुई (सुरक्षित) लोकसभा क्षेत्र में गुरुवार को मतदान समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों के जीत के आधार की गणना शुरू हो गई है।
जमुई। जमुई (सुरक्षित) लोकसभा क्षेत्र में गुरुवार को मतदान समाप्त होने के बाद प्रत्याशियों के जीत के आधार की गणना शुरू हो गई है। एनडीए और महागठबंधन के कार्यकर्ता चुनावी विश्लेषकों (पंडित) के साथ प्रत्याशियों के विधानसभा वार दलीय, जातीय सहित अन्य मामलों के आधार पर संभावित मतों की गणना कर रहे हैं। चुनावी महासमर में लोजपा के चिराग पासवान एवं रालोसपा के भूदेव चौधरी अपनी-अपनी जीत के प्रति आश्वस्त दिख रहे हैं। शुक्रवार को दोनों प्रमुख प्रत्याशियों के कार्यालयों में हर प्रखंड के प्रभारी की रिपोर्ट पर जिच चल रही थी। महागठबंधन के कार्यकर्ता माई समीकरण का सिक्का पूरी तरह चलने के साथ ही जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और मुकेश साहनी का आधार वोट के अलावा पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह का साथ को जीत का आधार मान रहे हैं, जबकि लोजपा कार्यालय में हाई प्रोफाइल पंडित कंप्यूटर पर गणना कर रहे हैं। हर विधानसभा के प्रभारी जातीय आधार की गणना कर आंकड़े जुटा रहे हैं। हालांकि, नमो की लहर में चिराग की रोशनी जलेगी, इसको लेकर राजग गठबंधन के नेता आश्वस्त दिख रहे हैं लेकिन पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह का विरोध किस कदर सवर्ण वोटों पर असर डाला इसका ठीक ठीक आकलन करने में राजनीतिक पंडित जुटे हैं। इस बीच दोनों ही प्रत्याशी मतदान का फीडबैक लेने के बाद अपने अपने घर को रवाना हो गए हैं। बहरहाल, राजनीतिक विश्लेषकों की समीक्षा और आकलन से इधर दोनों गठबंधन के समर्थक और कार्यकर्ता जीत के दावे कर रहे हैं। आकलन और दावे का दौर 23 मई तक चलेगा। इन सबके बीच जमुई में पंखे की हवा से चिराग बुझता है या चिराग की लौ से पंखे का डबल कंडेंसर फ्यूज हो जाता है, इसका फैसला तो 23 मई को ही होगा।