भूमि विवाद में युवक की हत्या, पेड़ से लटका मिला शव
जमुई। चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बसबुटिया जंगल में रविवार सुबह एक युवक का शव पेड़ में रस्सी से लटका मिला।
जमुई। चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बसबुटिया जंगल में रविवार सुबह एक युवक का शव पेड़ में रस्सी से लटका मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची चंद्रमंडीह पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा तथा पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया। थानाध्यक्ष एके आजाद ने बताया कि शव की शिनाख्त चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के तरबदिया निवासी कुलदीप यादव के पुत्र अरुण कुमार (25) के रूप में हुई है। वह सिमुलतला थाना क्षेत्र के तरौन गांव अपने ननिहाल में रहता था। हत्या का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक का पिता के साथ तालमेल सही नहीं था। जिस वजह से वह अपने घर को छोड़ ननिहाल में रहता था। मामले में मृतक की मां सचिया देवी के बयान पर अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सभी बिदुओं को ध्यान में रख जांच कर रही है। बता दें कि दो वर्ष पूर्व इसी जंगल में झाझा निवासी एक सीएसपी संचालक का शव पेड़ से लटका मिला था। उस वक्त पुलिस अनुसंधान में यह पता चला था कि युवक की अन्यत्र हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से रस्सी के सहारे लटका दिया गया था।