UN में गूंजेगी जमुई की आवाज: संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे सांसद अरुण भारती
जमुई सांसद अरुण भारती संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो जिले और बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

जमुई सांसद अरुण भारती संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व
HighLights
जमुई सांसद अरुण भारती UNGA के 81वें सत्र में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह जमुई और बिहार के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरव का क्षण है।
सांसद 19 से 23 अक्टूबर तक न्यूयॉर्क में भारत का पक्ष रखेंगे।
संवाद सहयोगी, जमुई। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के लिए यह गौरव का क्षण है। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसदों के प्रतिनिधिमंडल में जमुई सांसद अरुण भारती को शामिल किया गया है।
सांसद इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के संसदीय लोकतंत्र की आवाज को मजबूती से रखने का अवसर प्राप्त करेंगे। सांसद अरुण भारती का UNGA के प्रतिनिधिमंडल में शामिल होना जिले के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर जमुई की आवाज पहुंचने का अवसर मिला है। इससे जिले के लोगों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने इसे जमुई के लिए गर्व का विषय बताया है।
19 से 23 अक्टूबर तक न्यूयॉर्क में सत्र
जानकारी के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र महासभा का 81वां सत्र 19 से 23 अक्टूबर तक न्यूयॉर्क में आयोजित होगा।
इस दौरान भारतीय सांसदों का प्रतिनिधिमंडल विभिन्न वैश्विक मुद्दों और संसदीय लोकतंत्र से जुड़े विषयों पर भारत का पक्ष रखेगा। अरुण भारती की भागीदारी को बिहार के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
LJP (रामविलास) ने इनके चयन पर प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के प्रति आभार व्यक्त किया है।
पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह अवसर न केवल सांसद के लिए, बल्कि पूरे बिहार और विशेषकर जमुई के लिए गौरव की बात है।
यह भी पढ़ें- सड़क से संसद नहीं चल सकती, न कानून बन सकता है, जमुई सांसद अरुण भारती ने विपक्ष को दिया साफ संदेश
यह भी पढ़ें- जमुई के खैरा में डांडिया की धूम, सांसद अरुण भारती ने महोत्सव के रूप में विकसित करने का किया ऐलान
