जमुई छेड़खानी कांड: 2 दिन तक कमरे में बंद था छात्र, आपबीती सुनाते हुए सहम गया; पीड़ित परिवार ने बयां किया दर्द
मड़वा पहाड़ प्रकरण में पीड़ित छात्र के पिता ने पहली बार मीडिया के सामने आकर आपबीती सुनाई, बताया कि बेटे ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पीड़ित छात्र के पिता ने मड़वा पहाड़ घटना की आपबीती सुनाई।
घटना के बाद छात्र दो दिन सदमे में रहा, खाना भी त्यागा।
परिवार ने आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई और नैतिक शिक्षा की मांग की।
संवाद सहयोगी, जमुई। मड़वा पहाड़ प्रकरण में पीड़ित छात्र का परिवार पहली बार मीडिया के सामने आया। छात्र के पिता ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें किसी प्रत्यक्षदर्शी से नहीं, बल्कि अपने कार्यालय के एक स्टाफ के फोन से मिली।
इसके बाद वॉट्सऐप पर वीडियो देखने के बाद वह घबरा गए और तत्काल घर पहुंचे। बताया कि रविवार को वह कॉलोनी के कुछ दोस्तों के साथ बाहर घूम रहे थे। इसी दौरान शाम करीब पांच बजे कार्यालय के एक स्टाफ का फोन आया।
स्टाफ ने बताया कि उनके बेटे को कुछ लोग मार रहे हैं। साथ ही उन्हें यह पता लगाने और बेटे को देखने के लिए कहा गया कि वह कहां है।
पिता के अनुसार, फोन के कुछ ही देर बाद स्टाफ ने उनके वॉट्सऐप पर घटना का वीडियो भेजा। वीडियो देखते ही उनके होश उड़ गए। वह घबरा गए और कुछ देर के लिए समझ नहीं पाए कि आखिर उनके बच्चे के साथ क्या हुआ है। इसके बाद वह बिना देर किए घर की ओर भागे।
घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनका बेटा अपने कमरे में लेटा हुआ था। उन्होंने बताया कि वीडियो में दिख रही घटना और सामने कमरे में लेटे बेटे को देखकर उस समय उनके मन में तरह-तरह के सवाल उठ रहे थे।
2 दिन तक सोता रहा पीड़ित छात्र
पिता ने आपबीती सुनते हुए कहा कि 19 सितंबर की रात 9.30 बजे मेरा बेटा घर आया। उसके शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान थे। जब मैंने उससे पूछा कि ये क्या हो गया है? कहां से चोट लगाई।
इसपर उसने सिर्फ इतना कहा- मैं गिर गया था। अब मैं सोने जा रहा हूं, मुझे अभी उठाना मत। उसने रूम बंद किया और उसी हालत में सो गया।
जब उसकी मां ने खाना के लिए उसे बुलाया, तो वो बाहर नहीं निकला और कहा- मुझे भूख नहीं है। रविवार को अगले दिन देर तक सोता रहा।
दोपहर तक जब बेटा अपने रूम से बाहर नहीं आया तो मैंने उसे खाने के लिए बुलाया। इसपर उसने कहा- मेरी तबीयत ठीक नहीं है। मैं नहीं खाऊंगा।
मैंने सोचा शायद मौसम बदल रहा है तो फीवर होगा उसे, इसी वजह से हमने उसके मनपसंद का खाना बाहर से मंगवाकर उसके कमरे में रख दिया।
वायरल वीडियो दिखाने पर बेटे ने बताई पूरी घटना
पिता ने बताया कि रविवार शाम मेरे पास घटना का वीडियो आया। वीडियो दिखाने पर बेटा पहले चुप रहा। शुरुआत में बेटा कुछ बताने को तैयार नहीं था। वह डरा हुआ था।
पिता ने ढांढस बंधाते हुए कहा, “डरो मत, मैं तुम्हारे साथ हूं। जो हो गया, उसे अब बदला नहीं जा सकता, लेकिन पूरी जानकारी सामने आनी चाहिए”। पिता के अनुसार, इसके बाद बेटे ने उन्हें घटना की पूरी जानकारी दी।
उसने बताया कि वह अपनी दोस्त के साथ ट्यूशन गया था। उस दिन मौसम अच्छा था। ट्यूशन के ब्रेक के दौरान दोनों घूमने के लिए पहाड़ की ओर चले गए। दोनों को अंदाजा नहीं था कि वहां उनके साथ ऐसी घटना हो जाएगी।
बकौल पिता,बेटे के मुताबिक, शाम करीब 6:15 बजे दोनों पहाड़ की ओर गए थे। करीब सात बजे लौटने के दौरान कुछ लड़कों ने दोनों को रोक लिया।
इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। छात्रा के साथ बदसलूकी की गई। आरोप है कि इस दौरान पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया और बाद में उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।
पिता ने बताया कि बेटा घटना के बारे में विस्तार से बता रहा था, लेकिन पूरी बात बताते-बताते वह दोबारा घबरा गया। उसकी तबीयत भी खराब होने लगी। इसके बाद परिवार ने उसे संभाला। पिता के अनुसार, घटना के बाद से परिवार के लोग बेटे की मानसिक स्थिति को लेकर चिंतित हैं।
'आरोपितों को सोचना चाहिए था, उनके घर में भी मां-बहन हैं'
पिता ने कहा, आरोपितों को यह सोचना चाहिए था कि उन्होंने एक बच्ची के साथ इस तरह की हरकत क्यों की। उनके अपने घर में भी मां, बहन और भाभी हैं।
गांव में भी लड़कियां और महिलाएं हैं। किसी के साथ इस तरह की हरकत करना बेहद गलत है। उन्होंने समाज में ऐसी घटनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई। पीड़ित पिता ने कहा, इस तरह की हरकतों के खिलाफ समाज को संवेदनशील होना होगा।
बच्चों को डांटें नहीं, प्यार से समझाएं और नैतिक शिक्षा दें
पिता ने समाज के लोगों से अपील की कि बच्चों के प्रति संवेदनशील रहें। उन्हें प्यार दें और नैतिक शिक्षा दें। बच्चों से अच्छे से बात करें। अगर बच्चे कोई गलती करते हैं, तो उन्हें सिर्फ डांटने की जगह समझाएं और नैतिक शिक्षा दें।
उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया। साथ ही कहा कि आरोपितों ने जो हरकत की, ऐसे में फुल इनकाउंटर होना चाहिए था।
पीड़ित छात्र की मां ने बताया कि 20 सितंबर की शाम जब मेरे पति घर आए तो बहुत डरे हुए थे। मैंने उनसे पूछा कि क्या हुआ है? इसपर उन्होंने पहले बेटे के बारे में पूछा फिर वाट्सएप पर एक वीडियो दिखाया।
इसके बाद हमलोग बेटे के कमरे में गए उससे बात करने के लिए। बेटे ने बताया, ये घटना कल हुई थी। आज से वीडियो वायरल हो रहा है। इस दौरान उसने अपने साथ हुए पूरी घटना को अच्छे से डिटेल में बताया।
बताया कि हमारे लिए ये 7 दिन बहुत ही टफ था, लेकिन अब धीरे-धीरे हमलोग बैक टू दी नॉर्मल लाइफ आ गए हैं। इसके लिए मुझे प्रशासन से बहुत अच्छे से सपोर्ट मिला है।
बताया कि घटना के बाद से बेटा बहुत चुप-चुप रह रहा था। बच्चा काफी शाक में था। करीब दो दिन तक उसने ठीक से खाना-पीना नहीं किया। खाना देने पर वह कहता था कि 'पेट में अजीब लग रहा है, खाने का मन नहीं कर रहा।'
