जमुई में जीजा की करतूत: लोन दिलाने के बहाने रजिस्ट्री ऑफिस ले गया, बेटे को बंधक बनाकर जबरन लिखवा ली जमीन
पीड़िता ममिता देवी ने अपने जीजा अरुण यादव समेत कई लोगों पर ऋण दिलाने के बहाने 30 डिसमिल जमीन हड़पने ...और पढ़ें
-1787483374544_m.webp)
एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
जीजा ने ऋण दिलाने के बहाने जमीन हड़पी।
बेटे को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस में मामला दर्ज कराया, जांच जारी।
संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। थाना क्षेत्र के करहरा गांव निवासी एक महिला ने अपने जीजा समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों पर ऋण दिलाने के बहाने जमीन हड़पने और उसके पुत्र को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि भय दिखाकर उससे करीब 30 डिसमिल जमीन अलग-अलग लोगों के नाम रजिस्ट्री करवा दी गई।
मामले को लेकर महिला ने थाना में केस दर्ज कराया है। करहरा गांव निवासी शंभू यादव की पत्नी ममिता देवी ने बताया कि उसके पति गुजरात में मजदूरी करते हैं। घर बनाने के लिए उसने पति से बैंक से ऋण लेने की बात कही थी। इसके बाद उसने भेलबिंदा गांव निवासी अपने जीजा अरुण यादव से ऋण दिलाने को लेकर चर्चा की।
अरुण यादव ने कई लोगों से अपनी पहचान होने की बात कहकर जल्द ऋण दिलाने का भरोसा दिया। पीड़िता के अनुसार, मई माह में अरुण यादव ऋण के लिए कागजात पर हस्ताक्षर कराने के बहाने उसे चकाई स्थित रजिस्ट्री कार्यालय ले गया। वहां पहुंचने पर उसे जमीन रजिस्ट्री कराने की जानकारी हुई। आशंका होने पर महिला वहां से निकलकर वापस घर आ गई।
इसके बाद अरुण यादव ने जमीन रजिस्ट्री कराने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला ने बताया कि 02 मई की सुबह अरुण यादव उसके घर पहुंचा और उसके पुत्र को मिठाई दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। शाम तक पुत्र के वापस नहीं लौटने पर महिला ने अरुण से जानकारी ली।
अरुण ने बताया कि उसके सहयोगी विकास यादव और राजू यादव ने उसके पुत्र को जंगल में रखा है। साथ ही धमकी दी गई कि जमीन उनके बताए लोगों के नाम नहीं करने पर उसके पुत्र को जान से मार दिया जाएगा। भय के कारण उसने अलग-अलग तिथियों में करीब 30 डिसमिल जमीन विभिन्न लोगों के नाम रजिस्ट्री कर दी।
आवेदन में विकास यादव, देवा देवी, अंजू देवी और रामदेव यादव समेत अन्य लोगों के नाम का उल्लेख किया गया है। पति के गुजरात से वापस आने पर महिला ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों चकाई स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे और जमीन से संबंधित जानकारी ली।
मामले की शिकायत करने पर आरोपितों ने उसे, उसके पति और पुत्र को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई करने, जमीन की रजिस्ट्री की जांच कराने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। थानाध्यक्ष मिंटू सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर केस दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी गई है।
