विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में थाने से 1 KM दूर डाक बंगला के पास घर में चोरी; बक्सा-गोदरेज तोड़कर डेढ़ लाख के जेवरात और नकदी उड़ाए 

Published: Sun, 27 Sep 2026 03:17 PM (IST)

झाझा थाना क्षेत्र के सोहजाना स्थित डाक बंगला के पास एक सूने घर में चोरों ने डेढ़ लाख रुपये के ...और पढ़ें

झाझा ने घर में चोरी।

झाझा ने घर में चोरी।

HighLights

  1. झाझा में डाक बंगला के पास सूने घर में चोरी हुई।

  2. चोरों ने डेढ़ लाख के जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया।

  3. थाने से 1 किमी दूर घटना से पुलिस गश्ती पर सवाल।

संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। झाझा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहजाना स्थित डाक बंगला के पास बेखौफ चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक सूने घर में भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने इंद्रदेव साव के बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर गोदरेज और बक्से को खंगाल डाला और करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों समेत हजारों रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

झाझा थाने से महज एक किलोमीटर की परिधि में हुई इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में रात्रि गश्ती व्यवस्था को लेकर गहरा आक्रोश है। घटना के संबंध में पीड़िता आशा देवी ने बताया कि वह बीते 22 सितंबर को अपने मायके आसनसोल (पश्चिम बंगाल) में भाई के श्राद्ध कर्म में भाग लेने के लिए पूरे परिवार के साथ गई हुई थीं। शनिवार की सुबह जब वह वापस अपने घर लौटीं, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए।

कमरों में बिखरा मिला सामान

घर के भीतर प्रवेश करने पर सभी कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने कमरों में रखे मजबूत बक्से और गोदरेज की अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान निकाल लिए थे। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने का मांगटीका, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, सोने का बाला, तीन जोड़ी चांदी की पायल सहित कई अन्य जेवरात और हजारों रुपये की नकदी गायब थी।

गोदरेज-बक्से के ताले टूटे

पीड़िता के अनुसार चोरी गई कुल संपत्ति का मूल्य लगभग डेढ़ लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलते ही झाझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना कर लिखित आवेदन के आधार पर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी।

पुलिस गश्ती पर उठे सवाल, सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग

थाने के इतने करीब पॉश इलाके में हुई इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय समाजसेवी गौरव सिंह राठौड़ ने कहा कि झाझा और आसपास के क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता में असुरक्षा का माहौल है।

पुलिस गश्ती को दुरुस्त करने की मांग बार-बार की जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने अनुमंडल पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती दल की संख्या बढ़ाने और डाक बंगला व मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की गहन पड़ताल कर संलिप्त गिरोह की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।

यह भी पढ़ें- देवघर से जमुई लाई जा रही 15 पेटी शराब बोलेरो समेत जब्त; ड्राइवर को म‍िला था ₹5000 भाड़ा, जसीडीह के तस्कर की तलाश