जमुई के सदर अस्पताल में गर्भवती समेत 2 की मौत पर बवाल, डॉक्टर पर ड्यूटी से गायब होने का आरोप
जमुई सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक की अनुपस्थिति के कारण एक गर्भवती और एक प्रसूता की मौत हो गई।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
जमुई सदर अस्पताल में दो मरीजों की मौत हुई।
ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक अस्पताल में नहीं थीं।
आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
संवाद सहयोगी, जमुई। सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई। रात में ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक के अस्पताल में मौजूद नहीं रहने के बीच एक गर्भवती और एक प्रसूता की मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित स्वजनों ने दोनों शवों को अस्पताल के मुख्य द्वार के समीप रखकर जमकर हंगामा किया। स्वजनों ने अस्पताल प्रबंधन और ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
स्वजनों के अनुसार, रात भर अस्पताल में महिला चिकित्सक शालिनी कुमारी की ड्यूटी थी। गंभीर स्थिति में मरीजों के पहुंचने के बाद चिकित्सक को कई बार फोन किया गया, लेकिन आरोप है कि वह अस्पताल नहीं पहुंचीं।
चिकित्सक की अनुपस्थिति में इलाज व्यवस्था प्रभावित हुई और इसी दौरान एक गर्भवती तथा एक प्रसूता की मौत हो गई। दोनों मौतों के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना फैलते ही अस्पताल परिसर में अफरातफरी की स्थिति बन गई। आक्रोशित स्वजनों ने शवों को मुख्य द्वार के पास रखकर जिम्मेदार चिकित्सक और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।
उनका आरोप था कि समय पर चिकित्सकीय सेवा मिलती तो शायद मरीजों की जान बचाई जा सकती थी।
हंगामे के दौरान अस्पताल की व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई।
स्वजनों ने मामले की जांच कर दोषी चिकित्सक और संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। इधर, घटना के बाद महिला चिकित्सक समेत कुछ संबंधित कर्मियों के अस्पताल से चले जाने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी में जिउतिया स्नान के दौरान तालाब में डूबी युवती, मां की आंखों के सामने हुआ हादसा
