विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंटरनेट मीडिया पर दर्द बयां करते ही बदली तस्वीर, जमुई की दिव्यांग छात्रा को मिली हैंड ट्राइसाइकिल, अब आसान होगा सफर

Published: Tue, 27 Oct 2026 09:15 PM (IST)

इंटरनेट मीडिया पर दिव्यांग छात्रा निक्कू कुमारी की परेशानी सामने आने के बाद जमुई जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। ...और पढ़ें

जमुई में दिव्यांग छात्रा निक्कू कुमारी को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराते प्रशासनिक कर्मी और विकास मित्र

जमुई में दिव्यांग छात्रा निक्कू कुमारी को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराते प्रशासनिक कर्मी और विकास मित्र

HighLights

  1. दिव्यांग छात्रा निक्कू को स्कूल जाने में हो रही थी कठिनाई।

  2. सोशल मीडिया पर समस्या आने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की।

  3. प्रशासन ने हैंड ट्राइसाइकिल दी, मोटराइज्ड की प्रक्रिया भी शुरू।

संवाद सहयोगी, जमुई। इंटरनेट मीडिया पर एक दिव्यांग छात्रा की परेशानी सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित पहल कर एक बार फिर अपनी प्रशासनिक संवेदनशीलता का परिचय दिया है।

मामला जमुई जिले के सोनो प्रखंड अंतर्गत तिलवरिया गांव का है, जहाँ की रहने वाली छात्रा निक्कू कुमारी को ट्राइसाइकिल के अभाव में स्कूल आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जब यह बात सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई, तो मामला सीधे जिला प्रशासन के संज्ञान में आ गया।

मामला संज्ञान में आते ही जिला पदाधिकारी नवीन ने त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए स्थानीय विकास मित्र को छात्रा के पास भेजा। विकास मित्र ने छात्रा से संपर्क कर उसकी पूरी परेशानी की जानकारी ली और बिना देर किए उसे हैंड ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी।

मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज

हैंड ट्राइसाइकिल मिलने से छात्रा का स्कूल आना-जाना तो आसान हुआ ही, साथ ही जिला प्रशासन ने उसकी सुविधा को और बेहतर बनाने का निर्णय लिया है।

जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार छात्रा को और अधिक सहूलियत देने के लिए मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है।

इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर छात्रा का दिव्यांगता विशिष्ट पहचान पत्र (UDID) प्राप्त कर लिया गया है। शेष सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, ताकि जल्द से जल्द उसे मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल भी सौंपी जा सके।

प्रशासन की इस त्वरित और संवेदनशील पहल से निक्कू कुमारी की शिक्षा को बिना किसी रुकावट के जारी रखने की उम्मीदों को पंख लग गए हैं, जिसकी पूरे इलाके में सराहना हो रही है।

यह भी पढ़ें- Well done सच‍िन! 10 साल साइकिल की दुकान पर बनाता रहा पंक्चर, अब Indian Railway में ट्रेन दौड़ाएगा मुंगेर का लाल