विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई बैड टच कांड: एनकाउंटर में घायल मुख्य आरोपित नंदन यादव की कोर्ट में पेशी, छावनी में बदला न्यायालय परिसर

Published: Mon, 28 Sep 2026 04:16 PM (IST)

जमुई के बहुचर्चित बैड टच मामले में मुठभेड़ में घायल मुख्य आरोपित नंदन यादव को सदर अस्पताल से सीधे कोर्ट ...और पढ़ें

HighLights

  1. मुख्य आरोपित नंदन यादव को जमुई कोर्ट में पेश किया गया।

  2. न्यायालय परिसर को सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस छावनी में बदला गया।

  3. मामले में अब तक कुल सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

संवाद सहयोगी, जमुई। जिले के बहुचर्चित मड़वा पहाड़ बैड टच (नाबालिग छात्रा से छेड़खानी व बदसलूकी) मामले में पुलिस कार्रवाई लगातार निर्णायक मोड़ पर पहुंच रही है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली से घायल हुए मुख्य आरोपित नंदन यादव के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद सोमवार को सदर अस्पताल से सीधे जमुई व्यवहार न्यायालय (कोर्ट) में पेशी के लिए लाया गया।

पिछले दिनों कोर्ट परिसर में एक अन्य आरोपित हरेराम यादव के साथ हुई हाथापाई और थप्पड़ कांड की घटना के मद्देनजर इस बार न्यायालय परिसर को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।

बताते चलें कि गिरफ्तारी के दौरान नंदन यादव ने पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया था, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई पुलिसिया जवाबी कार्रवाई (एनकाउंटर) में वह गोली लगने से जख्मी हो गया था। उसे इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों द्वारा स्थिति सामान्य बताए जाने के उपरांत पुलिस ने भारी सुरक्षा घेरे के बीच उसे अदालत में प्रस्तुत किया।

Jamui Bad Touch Case Nandan Yadav Presented in Court (1)

अब तक 7 आरोपित कानून के शिकंजे में, 2 नाबालिग भी शामिल

जमुई पुलिस इस सनसनीखेज मामले में अब तक कुल सात आरोपितों को दबोच चुकी है। इनमें पांच बालिग और दो विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग) शामिल हैं। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को विधिक प्रक्रिया के तहत पहले ही बाल सुधार गृह भेज दिया है।

पकड़े गए सभी 7 आरोपितों की स्थिति

  1. नंदन यादव (मुख्य आरोपित): गिरफ्तारी के दौरान पुलिस एनकाउंटर में पैर में गोली लगने से हुआ था घायल; सदर अस्पताल से ठीक होने के बाद सोमवार को कोर्ट में पेशी।

  2. हरेराम यादव: पूर्व में गिरफ्तार, 23 तारीख को कोर्ट में पेशी के उपरांत वर्तमान में मंडल कारा (जेल) में बंद।

  3. मिथुन कुमार: घटना में संलिप्तता के आधार पर पूर्व में गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है।

  4. सौरभ कुमार: रविवार को पुलिस की विशेष टीम द्वारा प्रतापुर इलाके से गिरफ्तार।

  5. छोटू कुमार: रविवार को प्रतापुर से सौरभ के साथ गिरफ्तारी।

  6. दो विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग): पुलिस संरक्षण में लेकर बाल सुधार गृह (रिमांड होम) भेजे गए।

वहीं, इस मामले में नंदन के मुख्य सहयोगी हरेराम यादव को पुलिस ने पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था, जिसकी पेशी 23 तारीख को कराई गई थी और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत के तहत जेल में बंद है। इसके अलावा एक अन्य आरोपित मिथुन कुमार को भी सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है।

रविवार को दबोचे गए थे सौरभ और छोटू

मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने रविवार को ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए प्रतापुर क्षेत्र से दो अन्य नामजद आरोपितों—सौरभ और छोटू को गिरफ्तार किया था। इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही वीडियो बनाने, मारपीट करने और छात्रा से अभद्रता करने वाले मुख्य गिरोह के लगभग सभी सदस्य पुलिस के शिकंजे में आ चुके हैं।

एसपी विश्वजीत दयाल के निर्देश पर पुलिस इस पूरे मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य, बरामद मोबाइल के वीडियो फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्ट संकलित कर रही है, ताकि न्यायालय में स्पीडी ट्रायल चलाकर सभी दोषियों को जल्द से जल्द कठोरतम सजा दिलाई जा सके।

यह भी पढ़ें- 'ठोक के दिखा' गाना इंस्टा पर पोस्ट करता था नंदन यादव, जमुई पुलिस ने एनकाउंटर में पैर में प‍िस्‍टल से गोली ठोक दी