करंट का भी खौफ नहीं! जमुई में 17 पोल से 11 हजार वोल्ट का तार समेट ले गए चोर, विभाग में मचा भारी हड़कंप
Jamui Road Electric Wire Theft: जमुई के सिकंदरा में चोरों ने 17 बिजली पोलों से 11 हजार वोल्ट का एल्युमिनियम ...और पढ़ें

जमुई सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोहे रोड में पोल से चोरी।
संवाद सूत्र, सिकंदरा (जमुई)। Jamui Road Electric Wire Theft: सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोहे रोड में बेखौफ चोरों ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बड़ा झटका देते हुए भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात चोरों के गिरोह ने अलग-अलग स्थानों पर लगे 17 बिजली पोलों से 11 हजार वोल्ट (11 KV) क्षमता का एल्युमिनियम तार काटकर गायब कर दिया।
इस दुस्साहसिक घटना के बाद इलाके में बिजली आपूर्ति चरमराने के साथ-साथ आम जनमानस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष और दहशत व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सुनसान इलाके का फायदा उठाकर पूरी योजना के तहत तार काटने का काम किया। पोहे रोड में नदी के समीप लगे दो बिजली पोल के तारों को काटा गया, जबकि मुरारी चौक के समीप करीब 15 खंभों से एल्युमिनियम तार काटकर चोर आसानी से समेट कर फरार हो गए। एक साथ 17 पोलों से तार गायब होने की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया।
एसीएसआर रैबिट तार काट ले गए चोर
विद्युत आपूर्ति प्रशाखा, सिकंदरा के कनीय अभियंता (JE) वीरेंद्र कुमार ने बताया कि पोलों से चोरी किया गया तार उच्च गुणवत्ता वाला एल्युमिनियम का एसीएसआर (ACSR) रैबिट तार है। चोरों ने कई पोल के तार काटकर विद्युत अधोसंरचना को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे विभाग को आर्थिक क्षति हुई है और क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कनीय अभियंता के लिखित आवेदन पर सिकंदरा थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पोहे रोड इलाके में आपराधिक और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। चोर सरकारी संपत्ति के साथ-साथ आम लोगों को भी निशाना बना रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पोहे रोड और मुरारी चौक जैसे संवेदनशील इलाकों में रात के समय पुलिस गश्त (नाइट पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए।
जल्द होगा पर्दाफाश
इधर, सिकंदरा थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि विद्युत विभाग से मिले आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तार चोर गिरोह की पहचान के लिए तकनीकी व गुप्त सूचना तंत्र का सहारा लिया जा रहा है। कबाड़ कारोबारियों और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही गिरोह को दबोचकर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
