यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'साहब! मेरे साजन ले आए सौतन', जमुई पुलिस के पास पहुंची पत्नी बोली- पति की डिमांड नहीं की पूरी
जमुई के झाझा में एक पति ने दहेज में चार पहिया गाड़ी और दो लाख रुपये नकद नहीं मिलने पर ...और पढ़ें

HighLights
- दहेज में गाड़ी और नकदी न मिलने पर दूसरी शादी |
- पहली पत्नी से मारपीट, मामला दर्ज |
- थानाध्यक्ष ने कहा, केस दर्ज, जांच जारी |
संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। चार चक्का गाड़ी और दो लाख रुपये नकद नहीं मिलने पर एक पति ने पहली पत्नी को छोड़कर चुपके से दूसरी शादी रचा ली। जब पहली पत्नी ने विरोध किया तो लड़के वालों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित महिला ने पति समेत सात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। घटना थाना क्षेत्र के बाराजोर गांव की है।
बताया जाता है कि अंबा गांव के दिनेश यादव ने अपनी पुत्री प्रियंका कुमारी की शादी छह वर्ष पहले हिंदू रीति-रिवाज के तहत बाराजोर गांव के रविंद्र यादव से की थी। शादी के बाद पति-पत्नी साथ रह रहे थे।
एक वर्ष पहले लड़के वालों ने पीड़िता के साथ मारपीट शुरू कर दी और उससे कहा कि अपने पिता से दो लाख रुपये नकद और एक बोलेरो गाड़ी लाकर दो, तभी घर में रहने देंगे।
ऐसा नहीं करने पर लड़के वालों ने प्रियंका के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। करीब छह माह पहले पीड़िता के पति रविंद्र यादव ने गुपचुप तरीके से सोनो प्रखंड के कुआबाग गांव की प्रीति कुमारी से शादी कर ली और दूसरी पत्नी को गांव में ही किसी अन्य मकान में छिपाकर रखा। जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपित ने फिर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि पति के अलावा अनिता देवी, ललिता देवी, जानकी यादव, शंकर यादव, किशुन यादव, मिथिलेश यादव और खैरन गांव की चांदनी देवी ने भी मारपीट कर उसे घर से भगा दिया। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर केस दर्ज कर लिया गया है।
