विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में पूर्व एमएलसी ने पकड़ा MDM चावल की कालाबाजारी का खेल, स्कूल के अनाज को बाजार में बेचने की थी तैयारी

Published: Wed, 23 Sep 2026 06:46 PM (IST)

पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद ने जमुई के चकाई में सरकारी स्कूलों के मिड-डे मील चावल की कालाबाजारी का भंडाफोड़ ...और पढ़ें

स्कूल के अनाज को बाजार में बेचने की थी तैयारी

स्कूल के अनाज को बाजार में बेचने की थी तैयारी

HighLights

  1. पूर्व एमएलसी संजय प्रसाद ने कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया।

  2. मिड-डे मील का चावल बाजार में खपाने की कोशिश।

  3. पुलिस ने 23 बोरे चावल जब्त कर जांच शुरू की।

संवाद सूत्र, चन्द्रमंडी (जमुई)। चकाई में सरकारी स्कूलों के बच्चों के मिड-डे मील के चावल स्कूल मे पहुंचाने के दौरान गड़बड़ी करने का बड़ा मामला सामने आया है।  पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद ने सजगता दिखाते हुए ट्रक से चावल उतारकर ई-रिक्शा से बाजार में खपाने के खेल का भंडाफोड़ किया है। घटना बुधवार देर शाम की है। 

पूर्व एमएलसी संजय प्रसाद ने बताया कि वे हेड चकाई गांव की ओर से क्षेत्र भ्रमण कर लौट रहे थे। इसी दौरान खास चकाई के  दुबे चौक पर एमडीएम डोर स्टेप डिलीवरी का 407 ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। ट्रक से 4-5 मजदूर चावल की बोरियां उतारकर एक ई-रिक्शा पर लाद रहे थे। शक होने पर उन्होंने टोका तो 3 मजदूर बोरा लेकर ई-रिक्शा से फरार हो गए, जबकि चालक और एक मजदूर को उन्होंने पकड़ लिया। 

ट्रक पर लदे 23 बोरा चावल को जब्त किया

सूचना मिलते ही चकाई थाना पुलिस और प्रखंड प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ट्रक पर लदे 23 बोरा चावल को जब्त कर ट्रक को थाना ले आई और चालक व मजदूर को हिरासत में ले लिया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष आनंद ने बताया कि बुधवार को प्रखंड के विभिन्न स्कूलों के लिए 109 बोरा एमडीएम चावल लेकर ट्रक निकला था। 

गायब बोरियों की हो रही जांच

अधिकांश स्कूलों में आपूर्ति कर दी गई थी, लेकिन गंगारायडीह, कोठीया, पंडरिया, हेठ चकाई विद्यालयों में अभी आपूर्ति बाकी थी। नियमानुसार ट्रक पर 37 बोरा चावल होना चाहिए था, लेकिन जांच में सिर्फ 23 बोरा ही मिला। शेष 14 बोरा चावल कहां गया, इसकी जांच की जा रही है।

इस संबंध में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और एमडीएम प्रभारी को भी सूचना दी गई है। थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पूर्व एमएलसी संजय प्रसाद ने कहा कि गरीब बच्चों के हक के अनाज की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- जमुई छेड़खानी कांड का वीडियो वायरल करना पड़ा भारी, 120 अकाउंट के खिलाफ होगा एक्शन