जमुई में किसान के बेटे अंकुर ने बढ़ाया मान, IIT से पढ़ाई के बाद अब रक्षा मंत्रालय में बने अफसर
कैयार गांव के अंकुर कुमार ने एनआईटी पटना और आईआईटी खड़गपुर से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रक्षा मंत्रालय की सैन्य अभियंत्रण सेवा में उप वास्तुविद का पद हासिल किया है।

अंकुर कुमार। (फाइल फोटो)
HighLights
एनआईटी पटना और आईआईटी खड़गपुर से उच्च शिक्षा प्राप्त की।
रक्षा मंत्रालय की सैन्य अभियंत्रण सेवा में उप वास्तुविद बने।
किसान के बेटे अंकुर कुमार ने जमुई का मान बढ़ाया।
संवाद सूत्र, सिकंदरा (जमुई)। किसान परिवार से निकलकर देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में उच्च शिक्षा हासिल करने और केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण पद के लिए अर्हता प्राप्त करने तक का सफर कैयार गांव के कौशिक राकेश उर्फ अंकुर कुमार की उपलब्धियों को रेखांकित करता है।
अंकुर ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), पटना से वास्तुकला में स्नातक तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), खड़गपुर से प्रौद्योगिकी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की है।
उन्होंने रक्षा मंत्रालय के अधीन सैन्य अभियंत्रण सेवा (एमईएस) में उप वास्तुविद (समूह-क राजपत्रित अधिकारी) पद के लिए अर्हता हासिल की है।
अंकुर के पिता कमल किशोर राकेश उर्फ छोटू सिंह किसान हैं, जबकि माता रेनू देवी गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बीच उच्च तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में यह मुकाम हासिल करना उनकी शैक्षणिक यात्रा की अहम उपलब्धि है।
ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा
अंकुर की उपलब्धि से कैयार गांव समेत जमुई जिले में खुशी का माहौल है। उनकी शैक्षणिक यात्रा ग्रामीण क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरक है, जो सीमित संसाधनों के बीच उच्च शिक्षा और बेहतर भविष्य का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
उनकी सफलता बताती है कि सही दिशा में निरंतर प्रयास से अवसरों का दायरा बढ़ाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- पढ़ाई छोड़ लिया जोखिम, 1 लाख से खड़ा किया 50 करोड़ का स्टार्टअप; पूर्णिया के तीन भाइयों की सफलता की कहानी
